Azamgarh News: मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य से मिलती है सफलता, वीएसडी इंटरनेशनल स्कूल में कायश वर्मा ने छात्रों को दिखाया करियर का सही रास्ता

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य से मिलती है सफलता, वीएसडी इंटरनेशनल स्कूल में कायश वर्मा ने छात्रों को दिखाया करियर का सही रास्ता
आजमगढ़ जनपद के रौनापार ग्रामीण क्षेत्र में विद्यार्थियों को बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने की प्रेरणा देने के उद्देश्य से वीएसडी इंटरनेशनल स्कूल, रौनापार में एक प्रेरणादायी करियर काउंसलिंग सत्र का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए न केवल ज्ञानवर्धक रहा, बल्कि उनके भविष्य को नई दिशा देने वाला भी साबित हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता रहे युवा मेधावी छात्र कायश वर्मा, जो वर्तमान में गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज औरंगाबाद में एमबीबीएस द्वितीय वर्ष के छात्र हैं। अपनी मेहनत और लगन के दम पर उन्होंने वर्ष 2024 की CBSE कक्षा 12 बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए उत्तर प्रदेश टॉप-10 में स्थान हासिल किया था। इसी वर्ष उन्होंने NEET परीक्षा भी शानदार अंकों के साथ उत्तीर्ण कर मेडिकल कॉलेज में प्रवेश प्राप्त किया। उनकी सफलता की कहानी ने उपस्थित विद्यार्थियों के भीतर आत्मविश्वास और उत्साह का संचार किया।
अपने संबोधन में कायश वर्मा ने कहा कि सफलता किसी शॉर्टकट से नहीं, बल्कि निरंतर मेहनत, अनुशासन, समय के सही प्रबंधन और स्पष्ट लक्ष्य निर्धारण से प्राप्त होती है। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन की आदत विकसित करने, मोबाइल और सोशल मीडिया से दूरी बनाकर पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करने तथा हर दिन छोटे-छोटे लक्ष्य तय कर आगे बढ़ने की सलाह दी।
उन्होंने कक्षा 10 एवं 12 के बाद उपलब्ध विभिन्न करियर विकल्पों की विस्तार से जानकारी देते हुए विशेष रूप से NEET और JEE जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के व्यावहारिक तरीके साझा किए। उन्होंने बताया कि सीमित संसाधनों के बावजूद यदि छात्र सही रणनीति और आत्मविश्वास के साथ तैयारी करें, तो बड़ी से बड़ी सफलता हासिल की जा सकती है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने बेहद उत्साहपूर्वक सहभागिता की और करियर, पढ़ाई के दबाव, समय प्रबंधन तथा प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े अनेक प्रश्न पूछे। कायश वर्मा ने सभी प्रश्नों का सरल, प्रेरणादायी और प्रभावी ढंग से उत्तर देकर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।
विद्यालय प्रबंधन ने इस आयोजन को विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि ऐसे प्रेरक सत्र बच्चों के भीतर नई ऊर्जा और सकारात्मक सोच विकसित करते हैं। विद्यालय परिवार ने कायश वर्मा का आभार व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक अमित वर्मा, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।



