Azamgarh News: वीरांगना ऊदा देवी और महाराज बिजली पासी के आदर्शों पर चलेगा समाज, पासी भवन बनेगा शिक्षा और स्वाभिमान का नया केंद्र

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
वीरांगना ऊदा देवी और महाराज बिजली पासी के आदर्शों पर चलेगा समाज, पासी भवन बनेगा शिक्षा और स्वाभिमान का नया केंद्र
आजमगढ़ जनपद के बिलरियागंज विकासखंड अंतर्गत जैगहां बाजार से बिंदवल मार्ग पर हारिपुर प्राइमरी स्कूल के सामने ग्राम सभा गुलवा गौरी में शुक्रवार की शाम को वीरांगना ऊदा देवी एजुकेशनल ट्रस्ट पासी भवन के भूमि पूजन कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। यह आयोजन केवल भवन निर्माण की शुरुआत नहीं, बल्कि पासवान समाज के शैक्षिक, सामाजिक और सांस्कृतिक जागरण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है। कार्यक्रम में समाज के लोगों ने भारी उत्साह, गर्व और एकजुटता के साथ सहभागिता की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में दरोगा प्रसाद सरोज सांसद लालगंज तथा वीरांगना ऊदा देवी पासी के प्रपौत्र कमल कुमार उपस्थित रहे। भूमि पूजन का शुभारंभ हीरालाल पासी एवं सभासद अमरजीत पासवान के करकमलों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ संपन्न कराया गया। हवन-पूजन में बिलरियागंज नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि कोमल पासवान, पूर्व ब्लॉक प्रमुख राजेश पासवान सहित अन्य अतिथियों ने आहुति देकर समाज की उन्नति, एकता और शिक्षा के प्रसार की कामना की।
पूजन उपरांत भारतीय संविधान निर्माता डॉ भीमराव अंबेडकर,वीर शिरोमणि महाराज बिजली पासी एवं वीरांगना ऊदा देवी पासी के चित्रों पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत की गई। मंच पर उपस्थित वक्ताओं ने वीरांगना ऊदा देवी और महाराज बिजली पासी के साहस, संघर्ष और समाज के लिए उनके योगदान को याद करते हुए कहा कि यह भवन आने वाली पीढ़ियों को शिक्षा, आत्मसम्मान और सामाजिक जागरूकता की नई दिशा देगा।
वक्ताओं ने कहा कि वीरांगना ऊदा देवी ने 1857 की क्रांति में अंग्रेजों के खिलाफ अदम्य साहस का परिचय देकर इतिहास में अमर स्थान प्राप्त किया था। उन्होंने देश और समाज की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दी। वहीं वीर शिरोमणि महाराज बिजली पासी को समाज के गौरव, शौर्य और स्वाभिमान का प्रतीक बताते हुए कहा गया कि उनका संघर्ष आज भी युवाओं को अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने की प्रेरणा देता है।
मुख्य अतिथि दरोगा प्रसाद सरोज ने कहा कि समाज की असली ताकत शिक्षा और एकता में निहित है। उन्होंने कहा कि यह भवन गरीब, पिछड़े और वंचित वर्ग के बच्चों के लिए मार्गदर्शन और शिक्षा का केंद्र बनेगा। उन्होंने युवाओं से महापुरुषों के आदर्शों पर चलने और शिक्षा को सबसे बड़ा हथियार बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में पूर्व ब्लॉक प्रमुख राजेश पासवान का वक्तव्य विशेष रूप से लोगों के बीच चर्चा का विषय बना। उन्होंने कहा कि समाज को आगे बढ़ाने के लिए सबसे पहले बच्चों को शिक्षित करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यदि समाज का हर बच्चा पढ़-लिखकर आगे बढ़ेगा, तभी वीरांगना ऊदा देवी और महाराज बिजली पासी के सपनों का वास्तविक भारत तैयार होगा। उन्होंने समाज के लोगों से आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट रहने और शिक्षा को आंदोलन का रूप देने की अपील की। कार्यक्रम को सफल बनाने में उनकी सक्रिय भूमिका की भी लोगों ने सराहना की।
भूमि पूजन कराने वाले हीरालाल पासी ने अपने संबोधन में भावुक होते हुए कहा कि यह भवन केवल ईंट और पत्थरों का ढांचा नहीं, बल्कि समाज के स्वाभिमान और आने वाली पीढ़ियों के उज्ज्वल भविष्य का प्रतीक होगा। उन्होंने कहा कि वर्षों से समाज को जिस शैक्षिक और सामाजिक मंच की आवश्यकता महसूस हो रही थी, आज उसकी मजबूत नींव रखी गई है। उन्होंने युवाओं से नशा, अशिक्षा और सामाजिक कुरीतियों से दूर रहकर शिक्षा और संस्कार को अपनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में विधायक बचई सरोज, मंजू सरोज, ननकू राम सरोज, राजेश सरोज, संतोष पासवान, सर्वेश पासवान, हरिकेश राजभर सहित बड़ी संख्या में पासवान समाज के लोग एवं क्षेत्रीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान समाज के लोगों में उत्साह, आत्मगौरव और अपने महापुरुषों के प्रति सम्मान की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी।



