Azamgarh news :प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) एवं पीएम स्वनिधि योजना की डीएम ने की समीक्षा बैठक
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) एवं पीएम स्वनिधि योजना की डीएम ने की समीक्षा बैठक

आजमगढ़ ब्यूरो चीफ राकेश श्रीवास्तव
जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) एवं पीएम स्वनिधि योजना की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों के चयन की प्रक्रिया को प्रभावी एवं पारदर्शी ढंग से संचालित करने पर विशेष बल दिया गया। साथ ही पीएम स्वनिधि योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक रेहड़ी, पटरी एवं छोटे दुकानदारों को योजना से आच्छादित कर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दिया गया।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशानुरूप प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों के चयन में पूरी पारदर्शिता बरती जाए तथा ऐसे परिवारों को प्राथमिकता दी जाए, जो वास्तव में आवास सुविधा से वंचित हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सर्वेक्षण एवं सत्यापन कार्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्ता पूर्ण तरीके से पूर्ण किया जाए।
जिलाधिकारी ने पीएम स्वनिधि योजना की समीक्षा करते हुए कहा कि यह योजना छोटे दुकानदारों एवं स्ट्रीट वेंडर्स के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध हो रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनपद के अधिक से अधिक रेहड़ी एवं पटरी दुकानदारों को योजना के अंतर्गत ऋण सुविधा उपलब्ध कराकर उन्हें स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित किया जाए। उन्होंने कहा कि छोटे व्यापारियों को आर्थिक सहयोग देकर आत्मनिर्भर भारत की अवधारणा को और अधिक मजबूत बनाया जा सकता है।
बैठक में पीओ डूडा/मुख्य राजस्व अधिकारी संजीव ओझा ने जिलाधिकारी को प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) एवं पीएम स्वनिधि योजना की प्रगति से अवगत कराया। उन्होंने योजनाओं के अंतर्गत अब तक की उपलब्धियों, लंबित प्रकरणों तथा आगामी कार्ययोजना के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रस्तुत करते हुए विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर प्रकाश डाला।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए तथा पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से योजनाओं का लाभ पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाना है, जिसके लिए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करना होगा।
बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



