Azamgarh News: लाइक्स और फॉलोवर्स के चक्कर में युवक को बाइक के पास आग लगाकर स्टंट करना पड़ा भारी, पुलिस ने किया एफ आई आर

लाइक्स और फॉलोवर्स के चक्कर में युवक को बाइक के पास आग लगाकर स्टंट करना पड़ा भारी, पुलिस ने किया एफ आई आर
आजमगढ़ में
सोशल मीडिया पर वायरल होने और लाइक्स-फॉलोअर्स बढ़ाने की होड़ अब युवाओं को खतरनाक रास्ते पर ले जा रही है। ताजा मामला आजमगढ़ जनपद के शहर कोतवाली क्षेत्र से सामने आया है, जहां एक युवक ने सड़क के बीचों-बीच बाइक के चारों तरफ आग लगाकर खतरनाक स्टंट करते हुए रील बनाई। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोग हैरान हैं।
बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के पास का है। वीडियो में एक युवक सड़क पर बाइक खड़ी कर उसके चारों तरफ आग जलाकर स्टंट करता दिखाई दे रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक सोशल मीडिया पर वायरल होने के उद्देश्य से यह जानलेवा हरकत कर रहा था। वायरल वीडियो में बाइक का नंबर UP50 DC 3535 दिखाई दे रहा है। युवक की पहचान सर्वेश्वर सोनकर निवासी डीएवी आवास के रूप में बताई जा रही है।
घटना सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन भी हरकत में आ गया। पुलिस की ओर से जारी बयान में कहा गया कि संबंधित युवक को हिरासत में लेकर थाना कोतवाली में सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत करने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर इस प्रकार के खतरनाक स्टंट कानूनन अपराध की श्रेणी में आते हैं और इससे आम लोगों की जान को खतरा पैदा होता है। लोगों का कहना है कि सोशल मीडिया की चकाचौंध में कुछ युवा अपनी जान के साथ-साथ दूसरों की जिंदगी को भी खतरे में डाल रहे हैं। सड़क पर आग लगाकर स्टंट करना किसी बड़े हादसे को न्योता देने जैसा है। यदि थोड़ी भी चूक हो जाती, तो आग आसपास फैल सकती थी या कोई राहगीर इसकी चपेट में आ सकता था।
प्रशासन ने युवाओं से अपील की है कि वे सुरक्षित और सकारात्मक कंटेंट बनाएं।



