यूपी एटीएस का बड़ा ऑपरेशन, आजमगढ़ से 7 संदिग्ध पकड़े गए
पाकिस्तान कनेक्शन के आरोप में आजमगढ़ से सात लोग हिरासत में

आजमगढ़। यूपी एंटी टेररिस्ट स्क्वाड (एटीएस) ने जिले के निजामाबाद, संजरपुर,सरायमीर समेत कई थाना क्षेत्रों में बड़ी कार्रवाई करते हुए सात संदिग्धों को हिरासत में लिया है। इन लोगों पर सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तान से जुड़े लोगों के संपर्क में रहने का आरोप है। सुरक्षा एजेंसियां काफी समय से इनकी गतिविधियों पर नजर रखे हुए थीं।
आजमगढ़ में शिकायत के बावजूद जारी रहा निर्माण,विवाद के बाद पथराव का वीडियो वायरल से मचा हड़कंप
हिरासत में लिए गए लोगों में मोहम्मद सैफ, अबुल फैज, मुकेश गौड़, नर्गिस, सावित्री देवी, मुनौव्वर और मोहम्मद राशिद शामिल हैं। जांच एजेंसियों के मुताबिक ये लोग सोशल मीडिया ग्रुप्स के माध्यम से पाकिस्तान स्थित हैंडलर्स से जुड़े हुए थे। इन ग्रुप्स में कथित तौर पर देश विरोधी और भड़काऊ संदेश साझा किए जा रहे थे।
सूत्रों के अनुसार सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे प्रदेश में फैले इस नेटवर्क की निगरानी के दौरान 60 से अधिक संदिग्ध लोगों की पहचान की थी। इसी क्रम में सात लोगों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की जा रही है। मामले में अन्य पहलुओं पर भी जांच जारी है।फिलहाल जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने इस कार्रवाई को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है। गौरतलब है कि इससे पहले भी एटीएस और एनआईए की टीमें क्षेत्र में कई बार छापेमारी कर चुकी हैं।



