Azamgarh news :पदीय दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही एवं अनुशासनहीनता पर एसएसपी ने एक उप निरीक्षक को किया निलंबित विभागीय जांच का आदेश

पदीय दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही एवं अनुशासनहीनता पर एसएसपी ने एक उप निरीक्षक को किया निलंबित विभागीय जांच का आदेश

आजमगढ़ ब्यूरो चीफ राकेश श्रीवास्तव

जनपद आजमगढ़ में पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी, जवाबदेह एवं अनुशासित बनाए रखने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ० अनिल कुमार द्वारा पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के कार्यों की सतत समीक्षा की जा रही है।

समीक्षा के दौरान थाना कोतवाली पर तैनात एक उपनिरीक्षक द्वारा पूर्व नियुक्ति स्थल थाना सिधारी पर पदीय दायित्वों के निर्वहन में गंभीर लापरवाही बरतने के तथ्य प्रकाश में आए। संबंधित उपनिरीक्षक द्वारा हिस्ट्रीशीटर की निगरानी में रुचि न लेना, आवश्यक अभिलेखीय प्रविष्टियां न करना, गंभीर प्रकरणों में प्रभावी कार्रवाई न करना, मांगे गए स्पष्टीकरण का उत्तर प्रस्तुत न करना तथा साइबर हेल्प डेस्क पर लंबित प्रार्थना पत्रों के निस्तारण में उदासीनता बरतना पाया गया।

उक्त कृत्य प्रथम दृष्टया पदीय कर्तव्यों के प्रति घोर लापरवाही, अनुशासनहीनता एवं स्वेच्छाचारिता का द्योतक पाए जाने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ द्वारा संबंधित उपनिरीक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ ने जनपद के समस्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया है कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी एवं जवाबदेही के साथ करें। किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनुशासनहीनता पाए जाने पर कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

जनपद आजमगढ़ पुलिस कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण एवं जनसुरक्षा के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है तथा कर्तव्य निर्वहन में किसी भी प्रकार की शिथिलता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button