Azamgarh News:पति-पत्नी के विवाद ने ली महिला की जान, तीन बच्चों के सिर से उठा मां का साया

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय

पति-पत्नी के विवाद ने ली महिला की जान, तीन बच्चों के सिर से उठा मां का साया

कप्तानगंज (आजमगढ़) कप्तानगंज थाना क्षेत्र के अलहनी गांव में शुक्रवार की शाम पति-पत्नी के बीच हुआ घरेलू विवाद एक दर्दनाक घटना में बदल गया। विवाद के दौरान 32 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जिससे पूरे गांव में शोक और सनसनी का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब सात बजे पति नीरज निषाद और उसकी पत्नी पिंकी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते गंभीर विवाद में बदल गई। बताया जाता है कि विवाद के बाद पिंकी अपने बच्चों के साथ कमरे में चली गई और दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। आरोप है कि इसके बाद पति ने दरवाजा तोड़ दिया और घटनाक्रम के दौरान महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। बाद में उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही कप्तानगंज थाना प्रभारी जयप्रकाश पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं मोबाइल फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है।

क्षेत्राधिकारी बुढ़नपुर ने बताया कि घटना के दौरान पति नीरज निषाद भी घायल हुआ है, जिसका उपचार कराया जा रहा है। वहीं मृतका के मायके पक्ष ने महिला की हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि पति-पत्नी के बीच पहले भी कई बार विवाद हो चुका था और शुक्रवार की घटना उसी का दुखद परिणाम है।

मृतका अपने पीछे तीन मासूम बच्चों को छोड़ गई है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और गांव में शोक का माहौल है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की गंभीरता को देखते हुए विभिन्न बिंदुओं पर जांच की जा रही है। आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम को रवाना कर दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

इस हृदयविदारक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है और लोग घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button