Azamgarh News:जीयनपुर के प्रधान पद के दावेदार शिवा राजा की मुबारकपुर में गोली लगने से मौत, क्षेत्र में सनसनी
आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
जीयनपुर के प्रधान पद के दावेदार शिवा राजा की मुबारकपुर में गोली लगने से मौत, क्षेत्र में सनसनी
आजमगढ़ जनपद में मंगलवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के एक युवक की मुबारकपुर थाना क्षेत्र में गोली लगने से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि दोनों क्षेत्रों में शोक और चर्चाओं का माहौल बन गया। मुबारकपुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक नागेंद्र यादव उर्फ शिवा राजा (22 वर्ष) पुत्र हरेंद्र यादव, जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के केशवपुर महमूद पट्टी गांव का निवासी था। मंगलवार की सुबह उसका शव मुबारकपुर थाना क्षेत्र के जमुवा बनकट स्थित एक बगीचे में गोली लगने की अवस्था में मिला। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई।
परिजनों का कहना है कि नागेंद्र ने अपनी कनपटी पर गोली मारकर आत्महत्या कर ली है। मृतक के ऊपर जनपद के थाना कोतवालियों में कई मुकदमे भी पंजीकृत थे। हालांकि पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है और घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं पुलिस विवेचना के बाद ही हो सकेगा।
बताया जाता है कि नागेंद्र यादव उर्फ शिवा राजा गांव की सामाजिक एवं राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय था तथा ग्राम प्रधान पद का संभावित दावेदार भी माना जा रहा था। उसकी असमय मौत से क्षेत्र के लोगों में शोक व्याप्त है। मृतक अपने पीछे माता सोना देवी, पिता हरेंद्र यादव, भाई प्रवीण यादव सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गया है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सूचना मिलने पर मुबारकपुर थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



