Azamgarh news :गंभीरपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: जानलेवा फावड़ा प्रहार का फरार आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया न्यायालय
गंभीरपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: जानलेवा फावड़ा प्रहार का फरार आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया न्यायालय

आजमगढ़ ब्यूरो चीफ राकेश श्रीवास्तव
गंभीरपुर थाने के प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार त्रिपाठी द्वारा कार्यभार संभालने के बाद से अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गंभीरपुर पुलिस ने जानलेवा फावड़ा प्रहार के मामले में फरार चल रहे वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त फावड़ा भी बरामद कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 5 जुलाई 2026 की रात लगभग 12 बजे ग्राम सद्दोपट्टी निवासी हरिलाल बनवासी के पुत्र फूलचंद पर पुरानी रंजिश को लेकर गांव के ही सुनील बनवासी ने फावड़े से सिर पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। विरोध करने पर आरोपी ने गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी भी दी थी। इस संबंध में थाना गंभीरपुर पर मुकदमा संख्या 167/2026, धारा 115(2), 352, 351(3), 109(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी सदर के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष अमित कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने मंगलवार को मुखबिर की सूचना पर चिवटही मोड़ स्थित हनुमान मंदिर के पास से आरोपी सुनील बनवासी (22 वर्ष) पुत्र फिरतू, निवासी सद्दोपट्टी, थाना गंभीरपुर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त फावड़ा भी बरामद कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर दिया। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक संजय कुमार सिंह, कांस्टेबल उत्तम गौड़, रिक्रूट कांस्टेबल अंकित तथा रिक्रूट कांस्टेबल शुभम शर्मा की सराहनीय भूमिका रही।
गंभीरपुर थाना पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ सख्त संदेश गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि थानाध्यक्ष अमित कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस लगातार सक्रिय होकर अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई कर रही है, जिससे क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और अधिक मजबूत होती दिखाई दे रही है।



