Azamgarh News:ठंड के मौसम में बच्चों की सेहत को लेकर आगे आए डॉ. चंद्रेश राय, बिंदवल में लगाया निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, 150 बच्चों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण
आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
निःशुल्क जांच के साथ वितरित की गईं दवाइयां, अभिभावकों को ठंड से बचाव और बच्चों की देखभाल के बताए गए जरूरी उपाय
आजमगढ़ जनपद में ठंड का मौसम शुरू होते ही नवजात शिशुओं और छोटे बच्चों में सर्दी, खांसी, बुखार और डायरिया जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और जरूरतमंद परिवारों को चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शेखर चिल्ड्रेन हॉस्पिटल, आजमगढ़ के वरिष्ठ बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. चंद्रेश राय (एमबीबीएस, एमडी पीडियाट्रिक्स, गोल्ड मेडलिस्ट) की ओर से राय मेडिकल स्टोर, बिंदवल में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में नवजात शिशुओं से लेकर लगभग 12 वर्ष तक के करीब 150 बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। साथ ही जरूरत के अनुसार बच्चों को डायरिया, बुखार, सर्दी और खांसी आदि की दवाइयां निःशुल्क वितरित की गईं।
स्वास्थ्य शिविर में बिंदवल, जयराजपुर, कोहड़ी, तोहफापुर, मढ़ैया सहित आसपास के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में अभिभावक अपने बच्चों को लेकर पहुंचे। डॉ. चंद्रेश राय ने एक-एक बच्चे का स्वास्थ्य परीक्षण कर अभिभावकों को उनकी सेहत के प्रति जागरूक किया। उन्होंने ठंड के मौसम में बच्चों को गर्म कपड़े पहनाने, ठंडी हवाओं से बचाने, खानपान एवं साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने तथा बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर समय से चिकित्सकीय परामर्श लेने की सलाह दी। उन्होंने अभिभावकों को बच्चों के रखरखाव और मौसमी बीमारियों से बचाव के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
शिविर में पहुंचे अभिभावकों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर बेहद उपयोगी हैं। इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को भी अपने बच्चों के स्वास्थ्य की जांच और विशेषज्ञ चिकित्सक से परामर्श लेने का अवसर मिलता है। अभिभावकों ने कहा कि समाज के हित में ऐसी पहल लगातार होती रहनी चाहिए, ताकि समय रहते बच्चों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।
गौरतलब है कि डॉ. चंद्रेश राय बाल रोग चिकित्सा के क्षेत्र में एमबीबीएस और एमडी पीडियाट्रिक्स की डिग्री के साथ गोल्ड मेडलिस्ट हैं। उन्होंने अमेरिका से भी पल्स की डिग्री प्राप्त की है। उनका शेखर चिल्ड्रेन हॉस्पिटल करतालपुर बाईपास, आजमगढ़ में संचालित है, जहां नवजात शिशुओं से लेकर बड़े बच्चों तक के उपचार के लिए आधुनिक चिकित्सा उपकरणों और आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था उपलब्ध है। डॉ. राय की ओर से आगामी तीन महीनों तक सोमवार से शनिवार तक बच्चों को निःशुल्क चिकित्सकीय परामर्श देने की पहल भी की जा रही है।
क्षेत्र में आयोजित इस स्वास्थ्य शिविर को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। स्थानीय गणमान्य लोगों ने डॉ. चंद्रेश राय के इस प्रयास की प्रशंसा करते हुए कहा कि चिकित्सा के साथ सामाजिक सरोकारों को जोड़ना सराहनीय कार्य है। ऐसे प्रयासों से न केवल बच्चों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिलती है, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता भी बढ़ती है।



