Azamgarh encounter:गोकशी की सूचना पर सरायमीर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मुठभेड़ में पुलिस पर फायरिंग करने वाला बदमाश घायल, तीन गिरफ्तार
गोकशी के खिलाफ पुलिस का बड़ा अभियान, मुठभेड़ में आरोपी दबोचा गया

आजमगढ़। थाना सरायमीर के प्रभारी निरीक्षक भुवनेश कुमार चौबे ने कार्यभार संभालने के बाद अपराधियों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में मंगलवार को सरायमीर पुलिस ने गोकशी की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए बदमाशों से मुठभेड़ के दौरान पुलिस पर फायरिंग करने वाले एक अभियुक्त को गोली लगने के बाद घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके दो अन्य साथियों को भी पुलिस ने मौके से दबोच लिया। पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, गोकशी में प्रयुक्त उपकरण और 23.700 किलोग्राम गोवंशीय मांस बरामद किया है। एक अन्य आरोपी की तलाश पुलिस टीम द्वारा की जा रही है।यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अपराध एवं गोवध/गो-तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। पुलिस के अनुसार डायल-112 के माध्यम से थाना सरायमीर पुलिस को सूचना मिली थी कि खासडीह बरईपुर बड़ी नहर के पास कुछ लोग गोवंश का वध कर उसका मांस बिक्री के लिए ले जा रहे हैं। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक भुवनेश कुमार चौबे के नेतृत्व में पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और क्षेत्र की घेराबंदी कर दी।
पुलिस टीम को देखकर तीनों आरोपी अपने कंधों पर रखी बोरियां छोड़कर भागने लगे। पुलिस कर्मियों ने उनका पीछा कर घेराबंदी का प्रयास किया। इसी दौरान एक आरोपी मेराज उर्फ साजिद खान ने अवैध तमंचा निकालकर पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया। पुलिस ने आरोपी को आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन आरोपी ने दोबारा फायरिंग का प्रयास किया। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई।घायल आरोपी मेराज उर्फ साजिद खान को पुलिस अभिरक्षा में तत्काल उपचार के लिए सीएचसी खरेवा/फूलपुर भेजा गया। वहीं पुलिस टीम ने भाग रहे उसके दो साथियों को भी घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मेराज उर्फ साजिद खान पुत्र मो. आजाद खान निवासी हाजीपुर गोधना थाना पवई, जनपद आजमगढ़ (उम्र करीब 23 वर्ष), गालिब पुत्र फैजान निवासी खासडीह बरईपुर थाना सरायमीर (उम्र करीब 24 वर्ष) और शहजाद पुत्र फैय्याज निवासी खासडीह बरईपुर थाना सरायमीर (उम्र करीब 27 वर्ष) के रूप में हुई है।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अपने एक अन्य साथी अरहम पुत्र फैजान के साथ मिलकर बड़ी नहर के किनारे सुनसान स्थान पर गोवंश का वध करते थे और प्रतिबंधित पशु का मांस बोरियों में भरकर आसपास के गांवों में बिक्री के लिए ले जाते थे। पुलिस के अनुसार गिरफ्तारी से बचने के लिए मेराज उर्फ साजिद ने पुलिस टीम पर फायरिंग की थी, जबकि अन्य आरोपी मौके से भागने का प्रयास कर रहे थे।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटनास्थल से गोकशी में प्रयुक्त सामान बरामद किया। बरामदगी में एक तमंचा .315 बोर, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, लकड़ी का ठीहा, चार चाकू, दो चापड़ और 23.700 किलोग्राम गोवंशीय मांस शामिल है। पशु चिकित्साधिकारी द्वारा मांस का निरीक्षण किया गया, जिसमें प्रथम दृष्टया प्रतिबंधित पशु का मांस होने की पुष्टि की गई। विधिक प्रक्रिया के तहत नमूने सुरक्षित कराए गए हैं।इस मामले में घायल आरोपी मेराज उर्फ साजिद खान के खिलाफ धारा 109(1) बीएनएस, 3/25 आयुध अधिनियम तथा 3/5/8 उत्तर प्रदेश गोवध निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं अन्य गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध उत्तर प्रदेश गोवध निवारण अधिनियम की धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।मुठभेड़ और गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक भुवनेश कुमार चौबे, उपनिरीक्षक पंकज यादव, उपनिरीक्षक धीरज कुमार समेत थाना सरायमीर के कई पुलिसकर्मी शामिल रहे।
थाना सरायमीर का कार्यभार संभालने के बाद प्रभारी निरीक्षक भुवनेश कुमार चौबे द्वारा अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय गो-तस्करी और अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी अरहम की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।



