Azamgarh News:पांच वर्षों की सेवा को समर्पित किया जनता के नाम, प्रमुख प्रतिनिधि पारसनाथ यादव 

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय

पांच वर्षों की सेवा को समर्पित किया जनता के नाम, प्रमुख प्रतिनिधि पारसनाथ यादव

ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि ने पत्रकारों के प्रति जताया सम्मान, क्षेत्रवासियों का किया आभार

आजमगढ़ जनपद के गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र के विकास खंड महराजगंज के प्रमुख प्रतिनिधि पारसनाथ यादव ने अपने पांच वर्षीय कार्यकाल के सफलतापूर्वक पूर्ण होने के अवसर पर रविवार को पत्रकारों के साथ एक आत्मीय एवं शिष्टाचार बैठक आयोजित की। इस अवसर पर उन्होंने अपने कार्यकाल के अनुभव साझा करते हुए क्षेत्र की जनता, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, सहयोगियों और पत्रकार बंधुओं के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया।

बैठक को संबोधित करते हुए पारसनाथ यादव ने कहा कि बीते पांच वर्षों का सफर उनके लिए केवल एक प्रशासनिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि जनता की सेवा का एक संकल्प था। उन्होंने कहा कि उन्होंने हर वर्ग के लोगों की समस्याओं को अपनी समस्या मानते हुए विकास, जनकल्याण और मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ कार्य किया। उन्होंने स्वीकार किया कि जनता के विश्वास, सहयोग और आशीर्वाद के बिना यह यात्रा इतनी सफल नहीं हो सकती थी।

उन्होंने लोकतंत्र में पत्रकारों की भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि मीडिया समाज की आवाज है। पत्रकार आम लोगों की समस्याओं को शासन और प्रशासन तक पहुंचाने का काम करते हैं तथा जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाकर सकारात्मक बदलाव का माध्यम बनते हैं। उन्होंने कहा कि पत्रकारों के सुझाव और सहयोग ने उन्हें क्षेत्र के विकास कार्यों को बेहतर ढंग से आगे बढ़ाने की प्रेरणा दी।

इस अवसर पर पारसनाथ यादव ने उपस्थित सभी पत्रकारों का शॉल ओढ़ाकर एवं माल्यार्पण कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर चलना ही उनकी कार्यशैली रही है और भविष्य में भी वे क्षेत्र के विकास, सामाजिक समरसता तथा जनसेवा के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते रहेंगे।

बैठक में उपस्थित पत्रकारों ने भी अपने विचार व्यक्त किए और पारसनाथ यादव के पांच वर्षीय कार्यकाल की सराहना करते हुए उनके सरल स्वभाव, जनसरोकारों के प्रति संवेदनशीलता और विकास कार्यों की प्रशंसा की। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य और निरंतर जनसेवा की कामना की।

कार्यक्रम का समापन सौहार्दपूर्ण वातावरण में आपसी संवाद और क्षेत्र के विकास के प्रति साझा संकल्प के साथ हुआ। बैठक में उपस्थित लोगों ने विश्वास व्यक्त किया कि जनप्रतिनिधियों, प्रशासन और मीडिया के बेहतर समन्वय से क्षेत्र विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button