Azamgarh News:सांप के डसने से कक्षा छ: की छात्रा की मौत, परिवार में मचा कोहराम*
*सांप के डसने से कक्षा छ: की छात्रा की मौत, परिवार में मचा कोहराम*
पवई (आजमगढ़)। क्षेत्र के दशनवल गांव में सोमवार सुबह सांप के डसने से कक्षा छ: की 12 वर्षीय छात्रा की उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम दशनवल निवासी सुनील कुमार सिंह की 12 वर्षीय पुत्री शालिनी सिंह सोमवार सुबह करीब नौ बजे घर के पास उपली निकाल रही थी। इसी दौरान उसे सांप ने डस लिया। छात्रा की हालत बिगड़ने पर परिजन उसे तत्काल जनपद अंबेडकर नगर के जलालपुर स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रेफर कर दिया।
इसके बाद परिजन छात्रा को जौनपुर जनपद के शाहगंज स्थित एक निजी अस्पताल ले गए, लेकिन वहां भी चिकित्सकों ने बेहतर उपचार के लिए रेफर कर दिया। इसके बाद उसे जौनपुर के एक अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
शालिनी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी घटना के बाद शोक का माहौल है।



