Azamgarh News:सावन और कांवड़ यात्रा को लेकर अलर्ट प्रशासन, एसडीएम नेहा मिश्रा ने धार्मिक स्थलों का किया निरीक्षण* 

*सावन और कांवड़ यात्रा को लेकर अलर्ट प्रशासन, एसडीएम नेहा मिश्रा ने धार्मिक स्थलों का किया निरीक्षण*

लालगंज आजमगढ़। आगामी सावन माह और कांवड़ यात्रा को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से लालगंज की उपजिलाधिकारी नेहा मिश्रा ने क्षेत्र के विभिन्न धार्मिक स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने देवगांव कोतवाली क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध बुढऊ बाबा मंदिर सहित अन्य धार्मिक स्थलों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग एवं सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की गई। एसडीएम ने बताया कि मंदिर परिसर एवं कांवड़ मार्गों पर सफाईकर्मियों की तैनाती कर दी गई है। पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी भी निर्धारित कर दी गई है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

एसडीएम नेहा मिश्रा ने कहा, “सावन माह और कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। हमारी प्राथमिकता है कि सभी श्रद्धालु सुरक्षित और सुगमता के साथ अपनी यात्रा पूरी करें। सफाई, सुरक्षा और अन्य मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीमें लगातार निगरानी करेंगी। किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”

उन्होंने श्रद्धालुओं से भी अपील की कि यात्रा के दौरान प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और किसी भी समस्या की सूचना तत्काल पुलिस या प्रशासन को दें।

प्रशासन का कहना है कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी, जिससे यात्रा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button