Ballia News:ब्रह्मस्थान नौका बाबा और शिवनंदन ब्रह्म बाबा के दरबार में उमड़ रही श्रद्धालुओं की आस्था, दूर-दूर से पहुंच रहे लोग
ब्रह्मस्थान नौका बाबा और शिवनंदन ब्रह्म बाबा के दरबार में उमड़ रही श्रद्धालुओं की आस्था, दूर-दूर से पहुंच रहे लोग
डॉ.अजय कुमार मिश्र
आज़मगढ़
मनियर (बलिया)। बलिया जिले के मनियर क्षेत्र स्थित ब्रह्मस्थान नौका बाबा का स्थान इन दिनों श्रद्धालुओं की गहरी आस्था का केंद्र बना हुआ है। स्थानीय लोगों का मानना है कि यहां बाबा की कृपा से ऊपरी बाधा सहित विभिन्न प्रकार की परेशानियों से लोगों को राहत मिलती है। इसी आस्था के चलते प्रदेश ही नहीं, बल्कि देश के विभिन्न हिस्सों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं।
इसी क्षेत्र के बिसुनपुरा गांव स्थित शिवनंदन ब्रह्म बाबा के दरबार की भी दूर-दूर तक मान्यता है। मंदिर के पुजारी बिट्टू बाबा के अनुसार, यहां गंभीर बीमारियों से पीड़ित और विभिन्न अस्पतालों से रेफर किए गए लोग भी बाबा के दरबार में माथा टेकने आते हैं। उनका दावा है कि बाबा की कृपा से अनेक श्रद्धालुओं को लाभ मिला है।
स्थानीय श्रद्धालुओं के बीच यह भी चर्चा है कि लगभग 15 वर्ष पहले एक मृत घोषित बच्चे के यहां जीवित हो जाने की घटना के बाद इस स्थान की प्रसिद्धि तेजी से बढ़ी। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि उपलब्ध नहीं है। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं द्वारा इस घटना से जुड़ी वीडियो क्लिप भी दिखाई जाती है।
श्रद्धालुओं का कहना है कि सच्ची श्रद्धा और विश्वास के साथ आने वाले लोगों की मनोकामनाएं बाबा की कृपा से पूरी होती हैं। यही कारण है कि आज देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ विदेशों से भी लोग यहां दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंच रहे हैं।



