Azamgarh News:शराब ठेके पर विवाद के बाद युवक की मौत, परिजनों ने मारपीट का लगाया आरोप

आजमगढ़ बलरामपुर/ पटवध से बबलू राय

शराब ठेके पर विवाद के बाद युवक की मौत, परिजनों ने मारपीट का लगाया आरोप

इलाज के लिए अस्पताल ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम, पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी

आजमगढ़ शहर कोतवाली क्षेत्र के बलरामपुर में शनिवार देर रात शराब के ठेके पर हुए विवाद के बाद एक युवक की मौत से सनसनी फैल गई। मृतक के परिजनों ने कुछ लोगों पर लाठी-डंडों से मारपीट करने का आरोप लगाया है। गंभीर हालत में युवक को जिला अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान मुबारकपुर थाना क्षेत्र के बिजरवा, पोस्ट बनकट निवासी राजन चौबे (35) के रूप में हुई है। राजन दो भाइयों में बड़ा था। उसके परिवार में 13 वर्षीय पुत्र और 11 वर्षीय पुत्री हैं। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

बताया गया कि राजन शनिवार रात करीब 10 बजे बलरामपुर स्थित शराब के ठेके पर मौजूद था। इसी दौरान किसी बात को लेकर वहां कुछ लोगों से उसकी कहासुनी हो गई। परिजनों का आरोप है कि विवाद बढ़ने पर कुछ लोगों ने राजन के साथ लाठी-डंडों से मारपीट कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के समय उसका चचेरा भाई शुभम चौबे भी मौके पर मौजूद था। उसे भी मारपीट में मामूली चोट लगने की बात कही गई है।

राजन की हालत बिगड़ने पर परिजन और आसपास के लोग उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर रवाना हुए, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना पर बलरामपुर चौकी प्रभारी मौके पर पहुंचे। इसके बाद बनकट चौकी प्रभारी सौरभ सिंह, कोतवाली प्रभारी यादवेंद्र पांडेय तथा एसपी सिटी शुभम तोदी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। साथ ही मौके पर मौजूद लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है।

वहीं, कोतवाली प्रभारी यादवेंद्र पांडेय के अनुसार युवक के शरीर पर चोट के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं। पुलिस के मुताबिक युवक सुबह से ही शराब का सेवन कर रहा था और करीब 1,700 रुपये की शराब पीने की बात सामने आई है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर ही युवक की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होगी। इसके बाद मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button