आजमगढ़:आवारा पशुओं से राहगीर परेशान, आए दिन हो रही घटनाएं; जिम्मेदार बेखबर
Azamgarh: In Vikas Khand Powai, on the Balua turn of Powai to Mahul road, separate cattle are sitting comfortably.

नरसिंह
पवई (आजमगढ़)। क्षेत्र में पिछले 24 घंटे से लगातार हो रही बारिश के कारण खेतों, खलिहानों, झाड़ियों तथा खाली पड़े मैदानों में जलभराव हो गया है। इसके चलते आवारा पशु सूखी जगह की तलाश में मुख्य सड़क पर ही बैठकर आराम कर रहे हैं। इससे राहगीरों, वाहन चालकों और स्कूली छात्र-छात्राओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।मुख्य मार्गों पर बड़ी संख्या में बैठे आवारा पशुओं के कारण भारी वाहनों, दोपहिया वाहनों तथा पैदल आने-जाने वाले लोगों को रुककर इंतजार करना पड़ता है। कई बार वाहन चालक स्वयं उतरकर पशुओं को सड़क से हटाने के बाद ही आगे बढ़ पाते हैं। वहीं साइकिल सवार और पैदल यात्री, विशेषकर स्कूल जाने वाली छात्राएं, भय के कारण पशुओं के हटने का इंतजार करती हैं।स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर बैठे आवारा पशुओं के कारण आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। बारिश थमने के बाद यही पशु किसानों के खेतों में घुसकर फसलों को भी नुकसान पहुंचाते हैं, जिससे किसानों की चिंता और बढ़ जाती है।क्षेत्रीय निवासी राजकुमार, राजेश कुमार, बिजेंद्र, फिरतू, बब्लू सहित अन्य लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि आवारा पशुओं की समस्या का शीघ्र स्थायी समाधान कराया जाए, ताकि राहगीरों को सुरक्षित आवागमन मिल सके और किसानों की फसलें भी सुरक्षित रह सकें।स्थानीय लोगों का आरोप है कि समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी इस ओर गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई कर आवारा पशुओं को सुरक्षित गौशालाओं में भेजने और सड़कों को पशु मुक्त कराने की मांग की है।



