Azamgarh News:शहीदों की शहादत को नमन कर श्रीनगर (सियरहां) विद्यालय के बच्चों ने निकाली भव्य तिरंगा रैली,
आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
शहीदों की शहादत को नमन कर श्रीनगर (सियरहां) विद्यालय के बच्चों ने निकाली भव्य तिरंगा रैली,
भारत माता के जयकारों से गूंजा गांव
बिलरियागंज, आजमगढ़। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर शिक्षा क्षेत्र बिलरियागंज अंतर्गत पूर्व माध्यमिक विद्यालय श्रीनगर (सियरहां) में देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम का अद्भुत नजारा देखने को मिला। विद्यालय के छात्र-छात्राओं और अध्यापकों ने पूरे उत्साह एवं उमंग के साथ भव्य तिरंगा रैली निकाली। हाथों में तिरंगा थामे बच्चों के “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारों से पूरा श्रीनगर देशभक्ति के रंग में रंग गया।
तिरंगा रैली विद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर भूमिहार बस्ती, यादव बस्ती और हरिजन बस्ती से होते हुए पुनः विद्यालय परिसर पहुंची, जहां रैली का समापन किया गया। रैली में बच्चों और अध्यापकों का उत्साह देखते ही बन रहा था। हाथों में लहराता तिरंगा और देशभक्ति के नारों ने ग्रामीणों में भी जोश भर दिया।
प्रधानाध्यापिका कमला रानी के नेतृत्व में निकाली गई इस रैली का उद्देश्य केवल तिरंगा लेकर गांव में भ्रमण करना नहीं, बल्कि देश की आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर जवानों और स्वतंत्रता सेनानियों को याद करना तथा उनके त्याग और शहादत को नमन करना भी था। बच्चों को यह संदेश दिया गया कि आज हम जिस आजाद भारत में सांस ले रहे हैं, उसके पीछे असंख्य वीरों का संघर्ष, त्याग और बलिदान छिपा है।
इस अवसर पर विद्यालय परिवार ने कहा कि तिरंगा हमारी आन, बान और शान का प्रतीक है। जब यह तिरंगा आसमान में लहराता है तो हमें उन वीर सपूतों की याद आती है, जिन्होंने देश की रक्षा और स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। तिरंगा यात्रा उन्हीं अमर शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि और सम्मान का प्रतीक है।
रैली के दौरान बच्चों के चेहरों पर देशभक्ति का जोश साफ दिखाई दे रहा था। गांव की गलियों से गुजरती रैली में हर उम्र के लोगों ने उत्साह के साथ सहभागिता की। हर हाथ में तिरंगा था, हर जुबां पर भारत माता का जयघोष था और हर दिल में देश के वीर सपूतों के प्रति सम्मान की भावना थी।
इस मौके पर सीमा राय, संध्या राय, मिथिलेश राय, मधू राय, नीलम राय, सरिता राय, लालचंद यादव, अनुदेशक सुनील कुमार, प्रवीण जैसल सहित विद्यालय परिवार के शिक्षक एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
अंत में रैली विद्यालय परिसर पहुंची, जहां कार्यक्रम का समापन किया गया। इस अवसर पर बच्चों और अध्यापकों ने देश की एकता, अखंडता और सम्मान की रक्षा करने तथा वीर शहीदों के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
तिरंगे की छांव में निकली यह यात्रा संदेश दे गई कि आजादी केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि उन वीरों की अमर कहानी है, जिन्होंने देश के लिए अपना जीवन कुर्बान कर दिया।



