Azamgarh News:कुंभकरण-मेघनाद वध के बाद गूंजे जय श्रीराम के जयकारे, 14 वर्ष का वनवास पूरा कर अयोध्या लौटे प्रभु श्रीराम; हुआ भव्य राज्याभिषेक

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
भटौली इब्राहिमपुर की रामलीला में जीवंत हुआ रामराज्य का दृश्य, गांव के युवा कलाकारों के शानदार अभिनय ने दर्शकों को किया भावविभोर
आजमगढ़ जनपद के सगड़ी तहसील अंतर्गत ग्राम सभा भटौली इब्राहिमपुर में आयोजित रामलीला मंचन में राम-रावण युद्ध से लेकर भगवान श्रीराम के अयोध्या आगमन और भव्य राज्याभिषेक तक का दृश्य अत्यंत भावुक, मनमोहक और अद्भुत रहा। मंच पर कलाकारों के सजीव अभिनय ने ऐसा समां बांधा कि दर्शक देर तक भक्ति और श्रद्धा में डूबे रहे।
रामलीला के दौरान प्रभु श्रीराम ने युद्ध में कुंभकरण का वध किया, वहीं लक्ष्मण जी ने मेघनाद का संहार कर लंका में रावण की सेना को परास्त कर दिया। अंततः रावण वध के बाद भगवान श्रीराम ने विभीषण को लंका का राजा घोषित किया और माता सीता को साथ लेकर अयोध्या लौटने की तैयारी की।
चौदह वर्ष का वनवास पूरा होने पर अयोध्या वापसी से पहले प्रभु श्रीराम ने हनुमान जी को भरत के पास संदेश लेकर भेजा कि वे माता कैकेयी और पिता राजा दशरथ की आज्ञा का पालन करते हुए वनवास की अवधि पूरी कर अब अयोध्या लौट रहे हैं। जैसे ही हनुमान जी ने भरत को प्रभु श्रीराम के आगमन का समाचार सुनाया, भरत भावविभोर हो उठे। उनकी आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े। अयोध्या में प्रभु श्रीराम के स्वागत की तैयारियां शुरू हो गईं। चारों ओर खुशियों का माहौल छा गया।
भगवान श्रीराम के अयोध्या पहुंचते ही भरत ने बड़े भाई का भावपूर्ण स्वागत किया। इसके बाद विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच प्रभु श्रीराम का राज्याभिषेक किया गया। श्रीराम के अयोध्या का राजा घोषित होते ही पूरा मंच जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा। यह दृश्य देखकर उपस्थित श्रद्धालुओं की आंखें श्रद्धा और भावनाओं से नम हो गईं। भटौली इब्राहिमपुर की रामलीला की विशेष पहचान यहां के गांव के नौजवान कलाकार हैं, जो राधेश्याम स्वरचित रामायण के आधार पर पात्रों को जिस जीवंतता और भावपूर्ण अंदाज में मंच पर प्रस्तुत करते हैं, वह दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर देता है। आसपास के गांवों के साथ दूर-दराज क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग इस रामलीला को देखने पहुंचते हैं। दर्शकों का कहना है कि यहां का अभिनय और संवाद प्रस्तुति बेहद अनूठी है। कलाकारों के अभिनय में इतनी सजीवता रहती है कि मानो मंच पर रामायण के प्रसंग साक्षात जीवंत हो उठे हों। यही वजह है कि यहां आने वाले दर्शक रामलीला की सराहना किए बिना नहीं रहते।
राम की भूमिका छोटू सिंह और उत्तम सिंह, लक्ष्मण की भूमिका अंश सिंह, सीता की भूमिका कृष्ण रंगवा और राजेश गुप्ता उर्फ गुड्डू गुप्ता, हनुमान की भूमिका प्रखर सिंह, भरत की भूमिका आदित्य सिंह तथा शत्रुघ्न की भूमिका मृत्युंजय सिंह ने निभाई। इसके अलावा राजेश सिंह दादा, हरिशंकर उपाध्याय, टुनटुन बाबा, शिबू सिंह सहित ग्रामसभा के अन्य कलाकारों ने वानर सेना और राक्षस सेना के पात्रों का शानदार अभिनय किया।
भटौली इब्राहिमपुर की यह रामलीला केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि नई पीढ़ी में धार्मिक आस्था, संस्कार और मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के आदर्शों को जीवंत रखने का सराहनीय प्रयास भी है।



