Azamgarh News:तिरंगे की शान में गूंजा जमुडी, राजकीय इंटर कॉलेज के छात्रों ने निकाली भव्य तिरंगा यात्रा
आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
तिरंगे की शान में गूंजा जमुडी, राजकीय इंटर कॉलेज के छात्रों ने निकाली भव्य तिरंगा यात्रा
जमुडी, आजमगढ़। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर राजकीय इंटर कॉलेज, जमुडी का परिसर उस समय देशभक्ति के रंग में रंग गया, जब विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने हाथों में तिरंगा थामकर भव्य तिरंगा यात्रा निकाली। भारत माता के जयकारों और “वंदे मातरम्” के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
तिरंगा यात्रा विद्यालय परिसर से शुरू होकर क्षेत्र के प्रमुख मार्गों से होती हुई पुनः विद्यालय परिसर पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा में बच्चों का उत्साह और अनुशासन देखते ही बन रहा था। नन्हे हाथों में लहराते तिरंगे और देशभक्ति के नारों ने वातावरण को भावुक और गौरवपूर्ण बना दिया।
यात्रा का नेतृत्व विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री अंगद मौर्य ने किया। इस दौरान वरिष्ठ अध्यापक श्री ज्ञान प्रकाश राय, श्रीमती सुनीता यादव, श्रीमती उदिता सिंह, श्री राजेश चौहान सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
प्रधानाचार्य श्री अंगद मौर्य ने कहा कि “तिरंगा केवल कपड़े का एक टुकड़ा नहीं, बल्कि देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। ऐसी यात्राओं के माध्यम से विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, एकता, अनुशासन और देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना मजबूत होती है।”
वरिष्ठ अध्यापक श्री ज्ञान प्रकाश राय ने कहा कि “आज के बच्चे ही कल के भारत की तस्वीर तय करेंगे। तिरंगे के नीचे हमें जाति-पाति और भेदभाव से ऊपर उठकर राष्ट्र की एकता और प्रगति के लिए संकल्प लेना चाहिए। बच्चों ने जिस उत्साह और अनुशासन के साथ तिरंगा यात्रा में सहभागिता की, वह बेहद सराहनीय है।”
तिरंगे की छांव में निकली इस यात्रा ने मानो हर दिल में देशभक्ति की लौ जला दी। हर हाथ में तिरंगा था, हर जुबां पर भारत का नाम था और हर चेहरे पर देश के लिए कुछ कर गुजरने का जज्बा दिखाई दे रहा था।
अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।



