Azamgarh News:अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) की अध्यक्षता खाद्य सुरक्षा सलाहकार समिति की बैठक सम्पन्न

आजमगढ़ बलरामपुर /पटवध से बबलू राय

*अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) की अध्यक्षता खाद्य सुरक्षा सलाहकार समिति की बैठक सम्पन्न*

*त्योहारों के दृष्टिगत खाद्य पदार्थों की जांच एवं नमूना संग्रहण में तेजी लाने के निर्देश*

आजमगढ़, 13 अगस्त 2026।

जिलाधिकारी आजमगढ़ के निर्देश पर आज अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) संजय चावला की अध्यक्षता में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की जनपद स्तरीय खाद्य सुरक्षा सलाहकार समिति की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में खाद्य पदार्थों में मिलावट की रोकथाम, प्रवर्तन कार्यवाही, खाद्य प्रतिष्ठानों की हाईजीन रेटिंग तथा आगामी त्योहारों के दृष्टिगत खाद्य सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई।

बैठक के प्रारम्भ में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) ने प्रतिभागियों से परिचय प्राप्त करने के उपरान्त अभिहित अधिकारी, आजमगढ़ को विभाग द्वारा तैयार रणनीति एवं की गई कार्यवाही से समिति के सदस्यों को अवगत कराने के निर्देश दिए।

अभिहित अधिकारी सुशील कुमार मिश्र ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार खाद्य सुरक्षा अधिकारियों द्वारा वित्तीय वर्ष 2025-26 में कुल 703 नमूने संग्रहित किए गए। जांचे गए नमूनों में 62 प्रतिशत नमूने मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए। वित्तीय वर्ष 2025-26 में मिलावट करने वाले 338 खाद्य कारोबारकर्ताओं पर कुल 61.46 लाख रुपये का अर्थदण्ड अधिरोपित कराया गया। इसके अतिरिक्त न्यायालय में प्रभावी पैरवी करते हुए 03 खाद्य कारोबारकर्ताओं को कारावास एवं कुल 11 हजार रुपये के दण्ड से दण्डित कराया गया।

वर्तमान वित्तीय वर्ष 2026-27 में अब तक 177 नमूने संग्रहित किए गए, जिनमें जांचे गए नमूनों में 39 प्रतिशत नमूने मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए। इस अवधि में मिलावट करने वाले 39 खाद्य कारोबारकर्ताओं पर 4.56 लाख रुपये का अर्थदण्ड अधिरोपित कराया गया। समिति के सदस्यों ने विभाग द्वारा की जा रही कार्यवाही पर संतोष व्यक्त किया।

89 खाद्य प्रतिष्ठानों को मिली 03 से 05 स्टार हाईजीन रेटिंग

अभिहित अधिकारी ने बताया कि खाद्य संरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) की महत्वाकांक्षी ‘ईट राइट इंडिया इनिशिएटिव’ के अन्तर्गत जनपद में अब तक 89 खाद्य प्रतिष्ठानों को 03 से 05 स्टार हाईजीन रेटिंग प्राप्त कराई गई है। इनका ऑडिट बाहरी ऑडिट एजेंसियों द्वारा किया गया। वित्तीय वर्ष 2026-27 में अब तक 20 खाद्य प्रतिष्ठानों का हाईजीन रेटिंग प्रमाणीकरण कराया गया तथा संबंधित खाद्य कारोबारकर्ताओं को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।

त्योहारों के दृष्टिगत दूध एवं दुग्ध पदार्थों की जांच में तेजी के निर्देश

अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) ने आगामी त्योहारों के दृष्टिगत खाद्य प्रतिष्ठानों के निरीक्षण एवं नमूना संग्रहण की कार्यवाही में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने बाहरी जनपदों से आजमगढ़ में आने वाले दूध, दुग्ध पदार्थों एवं अन्य खाद्य पदार्थों की विशेष रूप से जांच करते हुए प्रभावी प्रवर्तन कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से दूध में मिलावट की रोकथाम के लिए अभियान चलाने तथा न्यायालयों में लंबित वादों में प्रभावी पैरवी करते हुए उनके शीघ्र निस्तारण की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

ठेले-खोमचे पर बिकने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी

अपर जिलाधिकारी ने ठेले-खोमचे एवं रेहड़ी-पटरी पर खाद्य पदार्थों का विक्रय करने वाले कारोबारियों के प्रतिष्ठानों का निरीक्षण करने तथा वर्षा ऋतु के दृष्टिगत खाद्य पदार्थों के सुरक्षित रख-रखाव एवं निर्माण में आवश्यक सावधानियों के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए। उन्होंने खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को प्रत्येक माह अपने आवंटित क्षेत्र में पंजीकरण कैम्प आयोजित करने, रेहड़ी-पटरी से जुड़े खाद्य कारोबारकर्ताओं को खाद्य सुरक्षा के प्रति जागरूक करने तथा शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्यों को समय से पूरा करने के निर्देश दिए।

मिड-डे मील के नमूने लेने के निर्देश

बैठक में मिड-डे मील योजना के अन्तर्गत विद्यालयों में परोसे जाने वाले खाद्य पदार्थों के नमूने नियमित रूप से संग्रहित करने के निर्देश दिए गए। मानकों के अनुरूप न पाए जाने वाले नमूनों के संबंध में की गई कार्रवाई से अवगत कराने के लिए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया गया।

मंडी समिति के सचिव को खाद्य सुरक्षा विभाग से समन्वय स्थापित कर मंडी में कार्यरत खाद्य कारोबारकर्ताओं को खाद्य लाइसेंस/पंजीकरण से आच्छादित कराने के लिए कैम्प आयोजित कराने के निर्देश दिए गए। अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद आजमगढ़ को ‘क्लीन स्ट्रीट फूड हब’ विकसित करने के लिए फूड वेंडिंग जोन चिन्हित करने के निर्देश दिए गए।

 

नकली दवाओं की बिक्री रोकने के लिए सघन निरीक्षण के निर्देश

 

औषधि निरीक्षक श्रीमती सीमा वर्मा ने विभाग द्वारा की गई कार्यवाही से बैठक में उपस्थित सदस्यों को अवगत कराया। अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) ने संतोष व्यक्त करते हुए नकली दवाओं की बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने के लिए औषधि प्रतिष्ठानों का नियमित एवं सघन निरीक्षण करने तथा नियमानुसार प्रवर्तन कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

बैठक में उपायुक्त राज्य कर (जीएसटी), मंडी निरीक्षक, जिला विद्यालय निरीक्षक, निरीक्षक बाट एवं माप विभाग, जिला खाद्य विपणन अधिकारी, जिला आबकारी अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी, बाल विकास परियोजना अधिकारी, दुग्ध विकास अधिकारी, खाद्य व्यापार मंडल एवं औषधि संघ के प्रतिनिधियों सहित मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री अजय कुमार तिवारी तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री रजनीश कुमार, श्री गोविन्द यादव, श्री सुचित प्रसाद, श्री लालमणि यादव, श्री शीत कुमार सिंह, श्री वीरेन्द्र यादव, श्रीमती बेबी सोनम एवं श्री राजीव कुमार सिंह उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button