आजमगढ़;कांवड़ यात्रा को लेकर आजमगढ़ पुलिस की संवेदनशील पहल, 455 पुलिसकर्मियों को दिया व्यवहार एवं संवाद कौशल प्रशिक्षण
डीआईजी सुनील कुमार सिंह और एसएसपी डॉ. अनिल कुमार के नेतृत्व में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के साथ सम्मानजनक व्यवहार पर जोर
आजमगढ़, 14 अगस्त;श्रावण मास की कांवड़ यात्रा को सुरक्षित,सुव्यवस्थित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए आजमगढ़ पुलिस ने एक सराहनीय एवं संवेदनशील पहल की है। पुलिस लाइन आजमगढ़ में कांवड़ यात्रा ड्यूटी में लगे पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए Behavioural, Communication & Soft Skills विषय पर अर्द्धदिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया। इस प्रशिक्षण में आजमगढ़, मऊ और बलिया के करीब 455 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए।यह पहल पुलिस उपमहानिरीक्षक आजमगढ़ सुनील कुमार सिंह तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के नेतृत्व में पुलिस व्यवस्था को केवल सुरक्षा-केंद्रित न रखते हुए सेवा, संवेदनशीलता और सम्मानजनक व्यवहार से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।प्रशिक्षण में पुलिसकर्मियों को कांवड़ श्रद्धालुओं की आस्था, भावनाओं, रीति-रिवाजों और विभिन्न परिस्थितियों को समझते हुए संयमित एवं शालीन व्यवहार करने के लिए प्रेरित किया गया। सकारात्मक बॉडी लैंग्वेज, प्रभावी मौखिक एवं गैर-मौखिक संवाद तथा सेवाभाव के माध्यम से श्रद्धालुओं के साथ विश्वास और बेहतर समन्वय स्थापित करने के व्यावहारिक तरीके बताए गए।प्रशिक्षण में Cultural Sensitivity, सेवाभाव, Social Skills, Building Trust & Rapport, Collaboration & Problem Solving, Compassion for Self तथा Stress Management & Emotional Wellbeing जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेष रूप से चर्चा की गई।तनावपूर्ण परिस्थितियों में पुलिसकर्मियों द्वारा धैर्य और संयम बनाए रखने तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सहायता को प्राथमिकता देने पर भी विशेष जोर दिया गया। इसका उद्देश्य कांवड़ यात्रा के दौरान पुलिस और श्रद्धालुओं के बीच बेहतर संवाद एवं विश्वास कायम करना है।डीआईजी सुनील कुमार सिंह और एसएसपी डॉ. अनिल कुमार के नेतृत्व में आजमगढ़ पुलिस द्वारा पुलिसकर्मियों के व्यवहारिक एवं मानसिक कौशल को मजबूत करने की यह पहल पुलिसिंग में मानवीय संवेदनशीलता को प्राथमिकता देने का उदाहरण है। इससे न केवल कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने में मदद मिलेगी, बल्कि कांवड़ श्रद्धालुओं के बीच पुलिस के प्रति विश्वास और सकारात्मक भाव भी मजबूत होगा।प्रशिक्षण में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन, अपर पुलिस अधीक्षक यातायात पंकज कुमार श्रीवास्तव, क्षेत्राधिकारी सदर आस्था जायसवाल, क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी सहित आजमगढ़, मऊ एवं बलिया के पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।आजमगढ़ पुलिस की यह पहल सुरक्षा के साथ सेवा, अनुशासन के साथ संवेदनशीलता और ड्यूटी के साथ सम्मानजनक व्यवहार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।



