Azamgarh News :नरहन खास में धर्म परिवर्तन के आरोप से हड़कंप, पादरी समेत कई हिरासत में
आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
नरहन खास में धर्म परिवर्तन के आरोप से हड़कंप, पादरी समेत कई हिरासत में
क्रिश्चियन धर्म का उपदेश देने का आरोप, मौके से बाइबल की किताबें मिलने का दावा
बजरंग दल की टीम ने मौके पर पहुंचकर किया खुलासा, पुलिस जांच में जुटी
जीयनपुर। कोतवाली क्षेत्र के नरहन खास गांव में धर्म परिवर्तन के आरोप को लेकर हड़कंप मच गया। आरोप है कि मौके पर लोगों को क्रिश्चियन धर्म का उपदेश दिया जा रहा था और धार्मिक गतिविधियों के दौरान बाइबल की किताबें भी मौजूद थीं। मामले का खुलासा बजरंग दल के जिला सह संयोजक शिवम् सिंह और रजादेपुर मठ के शिवसागर भारती जी महाराज द्वारा किए जाने की बात सामने आई है। सूचना के बाद हरैया ब्लॉक और आजमगढ़ ब्लॉक के बजरंग दल कार्यकर्ताओं की पूरी टोली मौके पर पहुंची। बताया जा रहा है कि मौके पर 100 से अधिक महिला-पुरुष मौजूद थे। आरोप है कि झाड़-फूंक और पूजा-पाठ के नाम पर लोगों को बरगलाने के साथ पैसे का लालच देकर धर्म परिवर्तन कराने का प्रयास किया जा रहा था। बजरंग दल कार्यकर्ताओं के मौके पर पहुंचने के बाद वहां मौजूद लोगों के बीच झड़प की स्थिति भी बन गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया और मऊ जिले के मोहम्मदाबाद गोहना निवासी पादरी सोनू कुमार समेत कई लोगों को हिरासत में ले लिया। मौके से आधा दर्जन से अधिक महिलाओं और तीन पुरुषों को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है। हिरासत में ली गई महिलाओं में कई मऊ समेत अन्य जिलों की निवासी बताई जा रही हैं। मौके से बाइबल की किताबें मिलने की भी बात कही जा रही है। मामले में एक गवाह के मिलने की भी जानकारी सामने आई है। बजरंग दल की ओर से पुलिस को तहरीर देने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ कर पूरे मामले की जांच कर रही है। हालांकि धर्म परिवर्तन के आरोपों और मौके पर मिली सामग्री के संबंध में वास्तविक स्थिति पुलिस की जांच और आगे की कार्रवाई के बाद स्पष्ट होगी।



