Azamgarh News:जिलाधिकारी व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक की संयुक्त अध्यक्षता में तहसील लालगंज में सम्पन्न हुआ सम्पूर्ण समाधान दिवस*

*जिलाधिकारी व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक की संयुक्त अध्यक्षता में तहसील लालगंज में सम्पन्न हुआ सम्पूर्ण समाधान दिवस*

शिकायतों को गंभीरता से लेकर निष्पक्ष, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश- जिलाधिकारी*

जिलाधिकारी ने समाधान दिवस में प्राप्त प्रत्येक शिकायत की केस-टू-केस समीक्षा करते हुए निस्तारण की कार्रवाई करने के दिये निर्देश*

*पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारी आपसी समन्वय स्थापित कर संयुक्त रूप से कार्य करते हुए प्रकरण का गुणवत्तायुक्त करें निस्तारण- वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक*

आजमगढ़ 17 अगस्त, 2026/

जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में जनसमस्याओं के त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के उद्देश्य से तहसील लालगंज में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इसके साथ ही जनपद की अन्य तहसीलों में भी नामित अधिकारियों की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित कर आमजन की शिकायतें सुनी गईं तथा उनके समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए। माह के तीसरे शनिवार को 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के कारण अगले कार्यदिवस सोमवार को जनपद के सभी तहसीलों में सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित हुआ।

 

सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुना तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक प्रकरण का निष्पक्ष, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों में सर्वाधिक मामले राजस्व विभाग से संबंधित हैं, इसलिए राजस्व अधिकारी व पुलिस के अधिकारी विशेष संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए प्रत्येक प्रकरण की निष्पक्ष जांच करें तथा स्थायी समाधान सुनिश्चित करें।

 

संपूर्ण समाधान दिवस में दिव्यांग प्रमाण-पत्र, भूमि संबंधी विवाद, राशन कार्ड, नहर में पानी की उपलब्धता, विद्युत आपूर्ति सहित विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उसका नियमानुसार परीक्षण कर प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जिन प्रकरणों में मौके पर जांच एवं संयुक्त कार्रवाई की आवश्यकता है, उनमें संबंधित विभागों की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर भेजकर शिकायत का निस्तारण कराया जाए, ताकि फरियादी को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। कई प्रकरणों में संबंधित अधिकारियों एवं विभागों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए तथा कुछ मामलों के निस्तारण के लिए निर्धारित समय-सीमा भी तय की गई।

 

जिलाधिकारी ने कहा कि समाधान दिवस में प्राप्त प्रत्येक शिकायत को केवल औपचारिकता के रूप में न लिया जाए, बल्कि उसकी केस-टू-केस समीक्षा करते हुए निस्तारण की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। गंभीर एवं त्वरित समाधान की आवश्यकता वाले मामलों में तत्काल कार्रवाई की जाए, जबकि अन्य प्रकरणों में निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

 

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की मंशा के अनुरूप जनसमस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायत के निस्तारण में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए तथा शिकायतकर्ता को की गई कार्रवाई से अवगत भी कराया जाए। उन्होंने कहा कि अधिकारी शिकायतों की प्रकृति एवं गंभीरता के अनुसार उनकी प्राथमिकता निर्धारित करते हुए कार्रवाई करें। विशेष रूप से ऐसे मामले जिनमें तत्काल हस्तक्षेप आवश्यक है, उन्हें सर्वाेच्च प्राथमिकता पर लेते हुए निस्तारित किया जाए।

 

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि यदि शिकायतों का सही एवं प्रभावी निस्तारण प्रारंभिक स्तर पर ही कर दिया जाए तो शिकायतकर्ता को बार-बार अधिकारियों के पास आने की आवश्यकता नहीं पड़ेगा। उन्होंने पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों को बेहतर समन्वय स्थापित कर संयुक्त रूप से कार्य करने के निर्देश दिए, जिससे भूमि विवादों एवं अन्य संवेदनशील मामलों का समय रहते समाधान हो सके।

 

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि मेड़बंदी तोड़ने, जबरन कब्जा करने अथवा कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध ऐसी प्रभावी कार्रवाई की जाए कि वह दूसरों के लिए भी नजीर बने। उन्होंने कहा कि यदि संबंधित अधिकारी प्रत्येक प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष एवं समयबद्ध कार्रवाई करेंगे तो शिकायतों की संख्या स्वतः कम हो जाएगी तथा आमजन का प्रशासन पर विश्वास और अधिक मजबूत होगा।

 

सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 103 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 19 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष 84 शिकायतों को संबंधित विभागों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने हेतु निर्देशित किया गया।

 

इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा, परियोजना निदेशक सच्चिदानंद प्रसाद, डीसी एनआरएलएम डॉ0 अराधना त्रिपाठी, उपजिलाधिकारी लालगंज नेहा मिश्रा, तहसीलदार लालगंज सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button