Azamgarh News:विद्यालय प्रबंधन समिति स्कूलों को बनायें बेहतर, व्यवस्थाओं को करें सुदृढ़- जिलाधिकारी*

आजमगढ़ बलरामपुर/ पटवध से बबलू राय

*विद्यालय प्रबंधन समिति स्कूलों को बनायें बेहतर, व्यवस्थाओं को करें सुदृढ़- जिलाधिकारी*

जिलाधिकारी ने शिक्षा विभाग के कार्यों की समीक्षा कर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश*

*स्कूल चलो अभियान के तहत पिछले वर्ष की तुलना में नामांकन बढ़ाने का डीएम ने दिया निर्देश*

आजमगढ़, 18 अगस्त 2026/

जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में शिक्षा विभाग के कार्यों की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में विभिन्न निर्माण कार्यों, विद्यालयों में विद्युत संयोजन, छात्र-छात्राओं के नामांकन, डीबीटी, स्कूल चलो अभियान, पीएम श्री विद्यालय, आरटीई, मिड डे मील सहित शिक्षा विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई।

 

बैठक में जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्थाओं को निर्देशित किया कि कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में कराए जा रहे उच्चीकृत कार्यों को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराना सुनिश्चित करें। शिक्षा विभाग द्वारा धनराशि उपलब्ध कराए जाने के बावजूद पर्याप्त समय बीत जाने के बाद भी कार्यदायी संस्था यूपी सिडको द्वारा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में कार्य प्रारम्भ न किए जाने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने एक्सईएन, यूपी सिडको को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में कम्प्यूटर लैब निर्माण की प्रगति की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि पूर्ण हो चुके कम्प्यूटर लैब के निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच एक सप्ताह के भीतर कराते हुए हस्तांतरण की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।

 

अवशेष विद्यालयों में विद्युत संयोजन की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि जिन विद्यालयों में अभी विद्युत संयोजन नहीं हुआ है, वहां यथाशीघ्र विद्युत संयोजन का कार्य पूर्ण कराया जाए। विद्यालयों के ऊपर से गुजर रहे विद्युत हाईटेंशन तारों को हटाए जाने की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि उक्त कार्य की मा0 मुख्यमंत्री जी द्वारा नियमित समीक्षा की जाती है। उन्होंने निर्देशित किया कि धनराशि उपलब्ध होने के बावजूद जिन एक्सईएन द्वारा अभी तक हाईटेंशन तार हटाने की कार्यवाही नहीं की गई है, उन्हें नोटिस जारी किया जाए।

 

बैठक में पीएम श्री विद्यालयों में अतिरिक्त कक्षा-कक्ष निर्माण की प्रगति की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्माण कार्यों को निर्धारित मानक एवं समयसीमा के अनुसार पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

 

डीबीटी पेंडेंसी की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि जिन छात्र-छात्राओं के अभी तक आधार कार्ड नहीं बने हैं, उनका तत्काल आधार बनवाकर डीबीटी की धनराशि भेजना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि इस कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराया जाए, जिससे पात्र छात्र-छात्राओं को योजना का लाभ समय से मिल सके।

 

उल्लास नव भारत साक्षरता कार्यक्रम की ब्लॉकवार प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि कार्यक्रम को प्रभावी ढंग से संचालित करते हुए साक्षरता प्रतिशत में वृद्धि सुनिश्चित की जाए। स्कूल चलो अभियान की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कड़े निर्देश दिए कि एक सप्ताह के भीतर पिछले वर्ष की तुलना में सभी विद्यालयों में छात्र-छात्राओं का नामांकन बढ़ना चाहिए। उन्होंने अभियान चलाकर विद्यालयों में नामांकन बढ़ाने तथा अधिक से अधिक बच्चों को विद्यालय से जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने कक्षा-01 में नवीन नामांकन के लिए आंगनबाड़ी केन्द्रों से बच्चों की सूची प्राप्त कर पात्र बच्चों का विद्यालयों में प्रवेश कराने की कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में छात्राओं के नामांकन की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि जिला प्रोबेशन अधिकारी से कन्या सुमंगला योजना के लाभार्थियों की सूची प्राप्त कर संबंधित ब्लॉकों की पात्र बालिकाओं का कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में नामांकन कराया जाए।

 

जिलाधिकारी ने आरटीई के तहत पात्र छात्र-छात्राओं का विद्यालयों में नामांकन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र बच्चों को शिक्षा के अधिकार का लाभ दिलाने में किसी प्रकार की लापरवाही न हो। बैठक में रसोइयों के मानदेय भुगतान की स्थिति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने लंबित मानदेय का तत्काल भुगतान सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।

 

जिलाधिकारी ने समस्त एबीएसए को निर्देशित किया कि विद्यालय प्रबंधन समिति के माध्यम से विद्यालयों में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ कराया जाए। उन्होंने मिड डे मील की गुणवत्ता सुनिश्चित कराने के निर्देश देते हुए कहा कि बच्चों को निर्धारित मानक के अनुसार गुणवत्तायुक्त भोजन उपलब्ध कराया जाए तथा इसके संबंध में किसी भी प्रकार की शिकायत नहीं आनी चाहिए। उन्होंने समस्त एबीएसए को निर्देशित किया कि रैण्डम आधार पर विद्यालयों का भ्रमण करते हुए विद्यालयों में शिक्षण व्यवस्था, मूलभूत सुविधाओं, मिड डे मील एवं अन्य व्यवस्थाओं का स्थलीय सत्यापन करें तथा आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही सुनिश्चित करें।

 

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राकेश कुमार पटेल, अपर जिलाधिकारी प्रशासन संजय चावला, डीसी एनआरएलएम डॉ0 आराधना त्रिपाठी, बीएसए राजीव पाठक, उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 आलेन्द्र, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी वर्षा अग्रवाल, समस्त एबीएसए तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button