Azamgarh News:पुत्र प्राप्ति का झांसा देकर महिला से ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश, तीन गिरफ्तार

आजमगढ़ बलरामपुर/ पटवध से बबलू राय

पुत्र प्राप्ति का झांसा देकर महिला से ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश, तीन गिरफ्तार

आजमगढ़ 29 अगस्त;कोतवाली पुलिस ने पुत्र प्राप्ति का झांसा देकर महिला से टप्पेबाजी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ठगी की रकम में से 3,000 रुपये नकद, एक जोड़ा चांदी की पायल और एक पर्स बरामद किया है। मामले में चंदौली पुलिस के सहयोग से चोरी का सामान खरीदने वाले एक सोनार को भी गिरफ्तार किया गया है।पुलिस के अनुसार, थाना रानी की सराय क्षेत्र की एक महिला ने 19 अगस्त 2026 को कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। महिला बिलरिया की चुंगी स्थित सोगरा सोनोग्राफी सेंटर से सोनोग्राफी कराने के बाद शाम करीब 4:45 बजे चाय पीने के लिए बिलरिया की चुंगी तिराहे की ओर जा रही थी। इसी दौरान दो अज्ञात व्यक्तियों ने उसे बातचीत में उलझा लिया। आरोपियों ने पूजा-पाठ और पुत्र प्राप्ति की बातें बताकर महिला को अपने विश्वास में लिया और बहला-फुसलाकर उसके कानों के सोने के झाले, गले का लॉकेट तथा पर्स में रखे पांच हजार रुपये निकलवा लिए और फरार हो गए।घटना के संबंध में कोतवाली थाने में मुकदमा अपराध संख्या 430/2026, धारा 318(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम गठित कर मुखबिर तंत्र और सर्विलांस के माध्यम से आरोपियों की तलाश की जा रही थी।इसी क्रम में 28 अगस्त को मुखबिर की सूचना पर कोतवाली पुलिस ने रोडवेज बंधा के पास से शाम 4:33 बजे तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान असलम खां (50), अरशद वारसी (27) और इरफान अली (39), सभी निवासी हुसैन टेकरी, जावरा, जिला रतलाम, मध्य प्रदेश के रूप में हुई है।पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि 19 अगस्त को बिलरिया की चुंगी पर महिला को पुत्र प्राप्ति का झांसा देकर ठगी की गई थी। पुलिस के मुताबिक, महिला के सोने के झाले और गले का मंगलसूत्र चंदौली के दुल्हीपुर स्थित हर्ष ज्वैलर्स पर 58 हजार रुपये में बेचा गया था। आरोपियों ने बताया कि जेवर को दुकान पर उनके सामने ही गला दिया गया।वहीं महिला के पर्स में रखे रुपये निकालने के बाद चांदी की पायल समेत पर्स को झाड़ियों में छिपा दिया गया था। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 3,000 रुपये नकद, एक जोड़ा पायल और पर्स बरामद किया। चंदौली पुलिस से समन्वय कर चोरी का सामान खरीदने वाले सोनार सुरेश सेठ (50) निवासी मड़या नई बस्ती पड़ाव, थाना मुगलसराय, जनपद चंदौली को भी गिरफ्तार किया गया है।पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी में कोतवाली पुलिस और सर्विलांस सेल की टीम शामिल रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button