Azamgarh News:दीपावली की रात आतिशबाजी की खरीदारी को लेकर बवाल, डीएवी मैदान में जमकर चले बेल्ट और कुर्सियां
आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
ग्राहकों और दुकानदारों के बीच शुरू हुआ विवाद मारपीट में बदला, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल; सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
आजमगढ़ जनपद में दीपावली के पर्व पर सुरक्षा के मद्देनजर शहर के डीएवी डिग्री कॉलेज मैदान में प्रशासन की ओर से आतिशबाजी की दुकानों के लिए विशेष व्यवस्था की गई थी। लेकिन दीपावली की रात इसी मैदान में खरीदारी को लेकर ग्राहकों और दुकानदारों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी ने उग्र रूप ले लिया और दोनों पक्षों में जमकर मारपीट शुरू हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद बढ़ने पर कुछ युवक एक-दूसरे पर हमलावर हो गए। मैदान में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। मारपीट के दौरान बेल्ट, कुर्सी और दुकानों के स्टॉल तक को हथियार की तरह इस्तेमाल किया गया। युवक एक-दूसरे को दौड़ा-दौड़ाकर पीटते नजर आए।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में आधी रात के समय युवकों की भीड़ के बीच मारपीट होती दिखाई दे रही है। हैरानी की बात यह है कि वायरल वीडियो में घटनास्थल पर कोई सुरक्षा कर्मी नजर नहीं आ रहा है।
दीपावली पर भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा के उद्देश्य से प्रशासन ने आतिशबाजी की दुकानों के लिए अलग मैदान निर्धारित किया था। इसके बावजूद उसी स्थान पर जमकर मारपीट होना प्रशासनिक सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है। अब वायरल वीडियो के आधार पर घटना और सुरक्षा इंतजामों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।



