Azamgarh News:मुख्यमंत्री ने लॉन्च किया उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम का पोर्टल एवं वेबसाइट, आजमगढ़ में हुआ सजीव प्रसारण*

*मुख्यमंत्री ने लॉन्च किया उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम का पोर्टल एवं वेबसाइट, आजमगढ़ में हुआ सजीव प्रसारण*

आजमगढ़ बलरामपुर/ पटवध से बबलू राय

*आउटसोर्स कर्मियों को मिलेगा सम्मान, सुरक्षा और पारदर्शी व्यवस्था- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ*

 

*आउटसोर्स कर्मियों के हितों की दिशा में बड़ी पहल, मानदेय सीधे बैंक खाते में और मिलेगा दुर्घटना बीमा कवर*

 

*आउटसोर्स कर्मियों को अब मिलेगा सुरक्षित भविष्य और सम्मानजनक पारिश्रमिक- मुख्यमंत्री*

 

*श्रम विभाग द्वारा 14 लाभार्थियों में वितरित किया गया 15 लाख, सफाई कर्मचारियों को मिला किट*

 

आजमगढ़, 02 सितंबर 2026//

 

मा0 मुख्यमंत्री उ0प्र0 योगी आदित्यनाथ जी द्वारा लखनऊ में उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम (UPCOS) के पोर्टल एवं वेबसाइट की लॉन्चिंग तथा लोगो का अनावरण किया गया। साथ ही UPCOS और भारतीय स्टेट बैंक के मध्य एमओयू का हस्तांतरण एवं आउटसोर्सकर्मियों को चेक का वितरण भी किया गया। उक्त प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम का सजीव प्रसारण जनपद आजमगढ़ के हरिऔध कला केन्द्र में किया गया।

 

मुख्यमंत्री जी ने कहा कि उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम का उद्देश्य आउटसोर्स कार्यबल को संगठित, कुशल, सुरक्षित एवं मर्यादित कार्यबल में परिवर्तित करना है। यह पहल आउटसोर्सकर्मियों को बेहतर अवसर, सुरक्षित कार्य-परिस्थितियां और सम्मानजनक सेवा का आधार प्रदान करेगी। उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम और स्टेट बैंक आफ इण्डिया के बीच हुए एमओयू के तहत कर्मचारी का मानदेय सीधे उसके बैंक एकाउन्ट में जाएगा। उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम के माध्यम से अब सरकारी विभाग, आउटसोर्सिंग एजेंसियां और कर्मचारी- तीनों एक आधुनिक, पारदर्शी एवं तकनीक-आधारित व्यवस्था से जुड़ेंगे।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश की गति और प्रगति में आज जिन लोगों का महत्वपूर्ण सहयोग है, उनमें नगर निकायों के सफाई कर्मी, पंप ऑपरेटर, सचिवालयों, चिकित्सालयों और शासन की विभिन्न व्यवस्थाओं से जुड़े कार्मिक शामिल हैं। सरकार और कर्मचारी का रिश्ता केवल वेतन और कार्य तक सीमित नहीं होता है। यह विश्वास और जिम्मेदारी का रिश्ता है। सुशासन की पहली शर्त होती है संवेदनशीलता। इसीलिए हम लोगों ने उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम का गठन किया है। इसके माध्यम से आउटसोर्स कार्मिकों को संस्थागत सुरक्षित भविष्य प्राप्त होगा। कर्मचारी चाहे स्थायी हों, कान्ट्रैक्ट पर हों या आउटसोर्सिंग के माध्यम से कार्यरत हों, प्रदेश की प्रगति में उनके प्रयासों का भी महत्वपूर्ण योगदान है। ऐसे कार्मिकों को उनकी गरिमा के अनुरूप सम्मान और सुविधाएं प्रदान करना शासन की जिम्मेदारी है। उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम उसी गरिमा और गौरव को स्थापित करने की दिशा में उत्तर प्रदेश सरकार का एक प्रयास है।

 

मा0 मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार और कर्मचारी का रिश्ता केवल वेतन और कार्य का नहीं, बल्कि विश्वास और जिम्मेदारी का रिश्ता है। उन्होने कहा कि हमारा प्रयास है कि कर्मचारी का जीवन कागजों और कार्यालयों के चक्कर में न बीते। उसका समय अपने कर्तव्यों के साथ-साथ परिवार और बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए भी मिले। अब कर्मचारी अपनी सर्विस विवरण, बैंक एकाउन्ट, उपस्थिति, पेमेन्ट, और कटौती से जुड़ी सभी जानकारी एक ही स्थान पर प्राप्त कर सकेंगे। यहीं वे अपनी ग्रीवान्स या शिकायत दर्ज कर उसका स्टेट जान सकेंगे और टाइम बाउन्ड समाधान भी पा सकेंगे। उन्होने कहा कि श्रेणी और शैक्षिक योग्यता के अनुरूप प्रत्येक कर्मचारी के लिए सम्मानजनक पारिश्रमिक सुनिश्चित किया गया है। प्रत्येक माह की 5 तारीख तक पारिश्रमिक सीधे कर्मचारी के बैंक एकाउन्ट में पहुंच जाएगा। मा0 मुख्यमंत्री ने कहा कि निर्धारित श्रेणी के अनुसार किसी घटना, दुर्घटना या आपदा की स्थिति में कर्मचारी और उसके परिवार को रू0 20 लाख से रू0 50 लाख तक का दुर्घटना बीमा कवर उपलब्ध कराया जाएगा।

 

जनपद स्तरीय कार्यक्रम में श्रम विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं में उप श्रमायुक्त राजीव सिंह द्वारा कन्या विवाह सहायता योजनान्तर्गत 04 लाभार्थियों को प्रत्येक को 65 हजार रू0, मातृत्व शिशु एवं बालिका विवा योजना के अन्तर्गत 03 लाभार्थियों को प्रत्येक को 31 हजार रू0 सहित लाभार्थी पंकज भारती रामनवल को 26 हजार रू0, किरण पुत्री कपिलदेव को 59063 रू0, निर्माण कामगार मृत्यु व दिव्यांगता सहायता योजना के अन्तर्गत 05 लाभार्थियों को प्रत्येक को 2 लाख रू0, सहित कुल 14 लाभार्थियों को लगभग 15 लाख रू0 की आर्थिक सहायता चेक वितरण किया गया। साथ ही अधिशासी अधिकारी नगर पालिका आजमगढ़ डॉ0 बृजेश द्वारा 04 सफाई कर्मियों को प्रतिकात्मक रूप से कार्यस्थल पर सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सेफ्टी जैकेट, सुरक्षा किट एवं अन्य आवश्यक सुरक्षा किट वितरित किया गया।

 

उप श्रमायुक्त ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनपद में आउटसोर्स कर्मचारियों के हितों की रक्षा तथा उ0प्र0 आउटसोर्स सेवा निगम पोर्टल के माध्यम से पारदर्शी एवं व्यवस्थित मानव संसाधन प्रबंधन व्यवस्था लागू करने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा पारदर्शी व्यवस्था के माध्यम से आउटसोर्स कर्मियों को उनके अधिकार, सम्मान एवं सुरक्षा उपलब्ध कराने का कार्य किया जा रहा है।

 

इस अवसर पर अधिशासी अधिकारी नगर पालिका ने कहा कि उ0प्र0 आउटसोर्स सेवा निगम का गठन आउटसोर्स कर्मचारियों के हितों की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। सफाई कर्मी एवं अन्य जमीनी स्तर के कर्मचारी प्रतिदिन महत्वपूर्ण जनसेवा का कार्य करते हैं, इसलिए उनकी सुरक्षा एवं गरिमा सुनिश्चित करना सभी की जिम्मेदारी है। सफाई कर्मियों को वितरित किए गए सेफ्टी जैकेट एवं सुरक्षा किट उनके कार्य के दौरान सुरक्षा सुनिश्चित करने में सहायक होंगे।

 

कार्यक्रम में उप श्रमायुक्त सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, नगरपालिका के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में आउटसोर्स कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button