Jabalpur news:जमीन के नाम पर करोड़ों की धोखाधड़ी, जीकेएस कंस्ट्रक्शन कंपनी का प्रमोटर गिरफ्तार
Jabalpur News: Fraud worth crores in the name of land, promoter of GKS Construction Company arrested
जबलपुर में जमीन बेचने के नाम पर ग्राहकों से करोड़ों की ठगी करने वाले एक शातिर आरोपी को पुलिस ने धर दबोचा है। पकड़ा गया आरोपी जीकेएस कंस्ट्रक्शन कंपनी का प्रमोटर रमित सिंह है, जो प्रीत विहार कॉलोनी, गोरखपुर का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार, इस ठग ने कई लोगों को जमीन का झांसा देकर एग्रीमेंट के नाम पर भारी-भरकम रकम ऐंठी, लेकिन मौके पर न तो जमीन का वजूद था और न ही उनकी रजिस्ट्री कराई गई।
इस शातिर ठग के काले कारनामों की पोल तब खुली जब थाना बरेला और गोरखपुर में पीड़ितों ने इसके खिलाफ मोर्चा खोला। थाना प्रभारी बरेला संगीता सिंह ने बताया शुरुआती जांच में आरोपी के खिलाफ 420 के तहत कुल 8 मामले दर्ज किए जा चुके हैं, जिनमें अकेले गोरखपुर थाने में ही एक बड़ा मामला सामने आया है। पुलिस की पूछताछ में खुलासा हुआ है कि इस शातिर ने भोली-भाली जनता से करीब दो करोड़ चौवालीस लाख रुपये की सनसनीखेज धोखाधड़ी को अंजाम दिया है।
जबलपुर से वाजीद खान की रिपोर्ट



