जबलपुर के मझौली में मूर्ति विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा, दो की मौत
Major accident during idol immersion in Jabalpur's Majhauli, two dead

जबलपुर के मझौली थाना क्षेत्र के नरिला तालाब में काली प्रतिमा विसर्जन के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। 11 केवी हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से विकास राजपूत और प्रिंस चौहान की मौत हो गई,जबकि पांच से अधिक लोग गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि 15 दिन पहले शांति समिति की बैठक में बिजली लाइन नीचे होने की शिकायत की गई थी,लेकिन समय रहते सुधार नहीं किया गया। वहीं,घायलों के उपचार में देरी,एंबुलेंस में डीजल और अस्पताल में ऑक्सीजन की उपलब्धता को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। मामले को लेकर कलेक्टर ने हाई लेवल बैठक कर अधिकारियों को जांच और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने घटना पर दुख जताते हुए पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है। वहीं,एसपी संपत्त उपाध्याय के मुताबिक,प्रतिमा निर्धारित मानकों से काफी ऊंची थी। पुलिस बिजली विभाग और प्रतिमा समिति की भूमिका सहित हर स्तर पर संभावित लापरवाही की जांच कर रही है। फिलहाल,स्थानीय लोग दोषियों पर सख्त कार्रवाई,मृतकों के परिवारों को उचित मुआवजा और एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग कर रहे हैं। प्रशासन और स्थानीय लोगों के बीच बातचीत जारी है।
बाइट – अरुण विश्वकर्मा,कलेक्टर जबलपुर
बाइट – सम्पत उपाध्याय,एसपी जबलपुर
जबलपुर से वाजीद खान की रिपोर्ट



