Gazipur news:ड्यूटी के दौरान चली गोली, महिला सिपाही प्रियंका यादव की मौत: राजकीय सम्मान के साथ पैतृक गांव में अंतिम संस्कार
Ghazipur News: Female constable Priyanka Yadav dies after being shot in the line of duty; cremated with state honours in her native village

दुल्लहपुर (गाजीपुर)। कौशांबी जनपद के महिला थाने में तैनात महिला सिपाही प्रियंका यादव की ड्यूटी के दौरान इंसास राइफल से गोली चलने से हुई मौत के बाद उनके पैतृक गांव में शोक की लहर दौड़ गई। बुधवार को जब उनका पार्थिव शरीर गाजीपुर जिले के सिखड़ी (खिलवा) गांव पहुंचा तो परिजनों सहित पूरे क्षेत्र की आंखें नम हो गईं।
जानकारी के अनुसार, 27 वर्षीय प्रियंका यादव वर्ष 2025 बैच की पुलिसकर्मी थीं। हाल ही में उनकी पहली तैनाती कौशांबी के महिला थाने में हुई थी। बताया गया कि मंगलवार सुबह करीब 10 बजे ड्यूटी के दौरान पहरेदारी करते समय वह कुर्सी पर बैठ रही थीं। इसी दौरान उनकी इंसास राइफल का ट्रिगर और लॉक अचानक दब गया, जिससे गोली चल गई। गोली लगने से उनके जबड़े और गले में गंभीर चोट आई। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मृत्यु हो गई।
कौशांबी के पुलिस अधीक्षक सत्यानंद ने बताया कि घटना के कारणों की विस्तृत जांच कराई जा रही है। मामले की जांच के लिए क्षेत्राधिकारी सदर सौरभ सामंत के नेतृत्व में टीम गठित की गई है। जांच टीम सीसीटीवी फुटेज और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों का परीक्षण कर रही है।
बुधवार को जैसे ही प्रियंका यादव का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव सिखड़ी (खिलवा) पहुंचा, गांव और आसपास के क्षेत्रों में शोक का माहौल छा गया। पूर्व सैनिक पिता रविंद्र नाथ यादव, माता, छोटे भाई और बहन सहित परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल था।
दुल्लहपुर थानाध्यक्ष दीपक कुमार एवं चौकी प्रभारी सर्वजीत यादव सहित पुलिस कर्मियों ने पार्थिव शरीर को कंधा देकर राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी। प्रियंका यादव ने हाल ही में बीएड और डीएलएड की पढ़ाई भी पूरी की थी। उनकी लगन, मेहनत और उपलब्धियों को याद करते हुए ग्रामीणों ने उन्हें एक मेधावी एवं कर्मठ बेटी बताया।
अंतिम दर्शन और श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए बड़ी संख्या में लोग गांव पहुंचे। समाजसेवी पीयूष विक्रम यादव, प्रधान वीरेंद्र यादव, जिला पंचायत सदस्य रमेश यादव, जिला पंचायत सदस्य अनिल कनौजिया, पूर्व प्रधान बाढू यादव, डॉ. अनिल यादव, निजामुद्दीन सिद्दीकी, अंबिका यादव, लिखूर पहलवान, हवलदार यादव, अभय यादव सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोगों ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की।
ग्रामीणों और उपस्थित लोगों ने शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से उन्हें इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।



