Gazipur news:धामूपुर में शौर्य को नमन की तैयारी पूरी: 61वें शहादत दिवस पर वीर अब्दुल हमीद को श्रद्धांजलि देंगे केंद्रीय मंत्री
Gazipur News: Preparations complete to pay tribute to bravery in Dhamupur: Union Minister to pay tribute to Veer Abdul Hamid on his 61st Martyrdom Day

धामूपुर/दुल्लहपुर (गाजीपुर)। परमवीर चक्र विजेता अमर शहीद वीर अब्दुल हमीद के 61वें शहादत दिवस समारोह को ऐतिहासिक स्वरूप देने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। गाजीपुर मुख्यालय से लगभग 30 किलोमीटर तथा दुल्लहपुर रेलवे स्टेशन से करीब 5 किलोमीटर दूर स्थित शहीद वीर अब्दुल हमीद पार्क, धामूपुर में 10 सितंबर को आयोजित होने वाले इस गौरवशाली कार्यक्रम में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय और केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ सहित कई विशिष्ट अतिथि शिरकत करेंगे।
कार्यक्रम दोपहर 1 बजे से प्रारंभ होकर शाम तक चलेगा। इस दौरान केंद्रीय मंत्री, सेना के वरिष्ठ अधिकारी तथा जनप्रतिनिधि शहीद की पावन धरती पर पहुंचकर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे। समारोह में देश के 21 परमवीर चक्र विजेताओं की स्मृति में विशेष ‘जल स्मारक’ कार्यक्रम का आयोजन भी किया जाएगा।
इसके अलावा शहीद वीर अब्दुल हमीद के पिता, उनकी धर्मपत्नी तथा उनके परम मित्र स्वर्गीय बच्चा सिंह की स्मृति में निर्मित मार्गों का लोकार्पण भी किया जाएगा। आयोजन को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है।
कार्यक्रम की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए उप जिलाधिकारी अतुल कुमार, खंड विकास अधिकारी कौस्तुभ मणि त्रिपाठी तथा दुल्लहपुर थानाध्यक्ष दीपक कुमार लगातार स्थल का निरीक्षण कर रहे हैं। समारोह के भव्य स्वरूप को देखते हुए पूरे शहीद पार्क क्षेत्र को सुरक्षा की दृष्टि से विशेष रूप से तैयार किया गया है। आगंतुकों की सुविधा के लिए विशाल वाटरप्रूफ टेंट, आकर्षक मंच तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं।
वीर अब्दुल हमीद बचपन से ही साहसी और सेवाभावी स्वभाव के थे। स्थानीय लोगों के अनुसार वर्ष 1956 की भीषण बाढ़ के दौरान उन्होंने अपनी जान जोखिम में डालकर कई लोगों की जान बचाई थी। उनकी अद्भुत निशानेबाजी भी क्षेत्र में चर्चित रही।
सन 1965 के भारत-पाकिस्तान युद्ध में दुश्मन के अत्याधुनिक पैटन टैंकों को ध्वस्त कर भारतीय सेना को निर्णायक बढ़त दिलाने वाले वीर अब्दुल हमीद ने अद्वितीय शौर्य का परिचय दिया था। उनके पराक्रम के लिए उन्हें मरणोपरांत देश के सर्वोच्च सैन्य सम्मान परमवीर चक्र से सम्मानित किया गया।
‘द लीजेंड वीर अब्दुल हमीद ट्रस्ट’ के अध्यक्ष जमील आलम के संयोजन में आयोजित यह समारोह शौर्य, राष्ट्रभक्ति और बलिदान की अमर गाथा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा। कार्यक्रम की तैयारियों में एडीओ पंचायत यशवंत यादव, ग्राम प्रधान सिकानू राम, राजकमल गौरव, श्रवण सिंह सहित अनेक लोग सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।



