Azamgarh News:बिलरियागंज थाने में फायर ब्रिगेड ने कराया मॉक ड्रिल, आग से बचाव के बताए उपाय
आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
बिलरियागंज थाने में फायर ब्रिगेड ने कराया मॉक ड्रिल, आग से बचाव के बताए उपाय
बिलरियागंज/आजमगढ़। आग लगने की आकस्मिक घटना के दौरान पुलिसकर्मियों को सुरक्षित बचाव एवं प्राथमिक अग्निशमन की जानकारी देने के उद्देश्य से बृहस्पतिवार को बिलरियागंज थाना परिसर में फायर ब्रिगेड विभाग की ओर से मॉक ड्रिल (मार्क ड्रिल) का आयोजन किया गया। इस दौरान फायर ब्रिगेड कर्मचारियों ने थाने के उपनिरीक्षकों, मुख्य आरक्षियों एवं आरक्षियों को आग से बचाव के विभिन्न उपायों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया।
फायर ब्रिगेड विभाग की टीम में वीरेंद्र यादव, आदित्य कुमार एवं आशुतोष तिवारी शामिल रहे। टीम के सदस्यों ने थाने के पुलिसकर्मियों को आग लगने की स्थिति में तत्काल उठाए जाने वाले कदमों, अग्निशमन उपकरणों के सही प्रयोग तथा आग पर काबू पाने के तरीके के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
मॉक ड्रिल के दौरान आकस्मिक आग लगने की स्थिति को प्रदर्शित करते हुए पुलिसकर्मियों को बताया गया कि ऐसी परिस्थिति में घबराने के बजाय तत्काल सूचना देकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचना चाहिए। साथ ही आग की प्रकृति के अनुसार उपलब्ध अग्निशमन यंत्रों का प्रयोग किस प्रकार किया जाए, इसका भी प्रदर्शन किया गया।
फायर ब्रिगेड कर्मचारियों ने पुलिसकर्मियों को यह भी समझाया कि आग की छोटी घटना को समय रहते नियंत्रित कर बड़ी दुर्घटना को रोका जा सकता है। इसके लिए अग्निशमन उपकरणों की जानकारी और उनका सही इस्तेमाल बेहद जरूरी है।
इस अवसर पर थाने के उपनिरीक्षक, मुख्य आरक्षी एवं आरक्षी सहित पुलिसकर्मी मौजूद रहे। मॉक ड्रिल के माध्यम से पुलिसकर्मियों को आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई और सुरक्षा को लेकर जागरूक किया गया।



