Azamgarh News:मां कालिका मंदिर में कृष्ण जी की छठी पर हुआ भव्य भंडारा
आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
मां कालिका मंदिर में कृष्ण जी की छठी पर हुआ भव्य भंडारा
भजन-कीर्तन के बीच श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद, बच्चों ने बढ़-चढ़कर किया सहयोग
आजमगढ़ जनपद के विकासखंड बिलरियागंज अंतर्गत मानपुर स्थित मां कालिका मंदिर परिसर में बीते श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के अवसर पर बुधवार की शाम भगवान श्रीकृष्ण की छठी का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर में भव्य भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रवासियों ने पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया।
कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर भक्ति के रंग में रंगा रहा। भजन-कीर्तन से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया और श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण का स्मरण करते हुए भक्ति भाव से प्रसाद ग्रहण किया। भंडारे में क्षेत्र के लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
आयोजन को सफल बनाने में मंदिर के पुजारी हरिश्चंद्र पांडेय का विशेष योगदान रहा। वहीं गांव के बच्चों ने भी भंडारे की व्यवस्था में बढ़-चढ़कर सहयोग किया। उनकी सक्रिय भागीदारी ने आयोजन को और भी सुंदर बना दिया।
इस मौके पर बिलरियागंज मंडल अध्यक्ष रुद्रप्रकाश राय सहित क्षेत्र के गणमान्य लोगों एवं समस्त क्षेत्रीय जनता की उपस्थिति रही। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण से क्षेत्र की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।



