Jabalpur news:बैंक कर्मियों का प्रदर्शन: 5-डे बैंकिंग और पीएलआई (PLI) नीति में बदलाव की मांग को लेकर जबलपुर में फूटा गुस्सा
Jabalpur News: Bank employees protest: Anger erupts in Jabalpur over demands for 5-day banking and changes to the PLI policy.

Jabalpur news:
देश में बैंकिंग सेक्टर से जुड़े कर्मचारियों और अधिकारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। बैंक ऑफ महाराष्ट्र ऑफिसर्स एसोसिएशन की प्रतिनिधि डॉ. शिवांगी रायखरे ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि सरकार द्वारा लंबे समय से उनकी मांगों पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है, जिसके कारण बैंकिंग क्षेत्र के कर्मचारियों में भारी रोष व्याप्त है। उन्होंने कहा कि देश के अन्य सरकारी संस्थानों में 5-दिन कार्य संस्कृति (5-Day Working) लागू है, लेकिन बैंकिंग सेक्टर को इससे वंचित रखा गया है, जबकि सरकार ने ढाई साल पहले यानी मार्च 2024 में इस समझौते पर हस्ताक्षर किए थे।
इसके अलावा, कर्मचारियों की दूसरी प्रमुख मांग पीएलआई (PLI) नीति से जुड़ी है, जिसमें बिना किसी भेदभाव के सभी कर्मचारियों को समान लाभ दिए जाने की मांग की जा रही है। वक्ता का आरोप है कि धरातल पर सबसे ज्यादा काम करने वाले कर्मचारियों और अधिकारियों के साथ पीएलआई वितरण में भारी अंतर और भेदभाव बरता जा रहा है, जिससे लगभग दस गुना तक का फर्क आ जाता है। यदि सरकार जल्द ही इन दोनों प्रमुख मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लेती है, तो बैंककर्मी अपनी मांगों को मनवाने के लिए बड़े स्तर पर आंदोलन करने और हड़ताल पर जाने के लिए मजबूर होंगे।
जबलपुर से वाजीद खान की रिपोर्ट



