Azamgarh News:अजमतगढ़ मंडल की बैठक में 13 सूत्रीय अभियान की बनी रूपरेखा, कार्यकर्ताओं में दिखा उत्साह
आजमगढ़ बलरामपुर/ पटवध से बबलू राय
सेवा संकल्प’ से जन-जन तक पहुंचेगा विकास का संदेश
अजमतगढ़ मंडल की बैठक में 13 सूत्रीय अभियान की बनी रूपरेखा, कार्यकर्ताओं में दिखा उत्साह
सगड़ी, आजमगढ़। सेवा केवल शब्द नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने का संकल्प है। इसी भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से भाजपा द्वारा प्रस्तावित ‘सेवा संकल्प अभियान 2026’ की तैयारियों को लेकर शनिवार को अजमतगढ़ मंडल की बैठक राजदेपुर मठ में आयोजित की गई। बैठक में आगामी अभियान की रूपरेखा तय करने के साथ कार्यकर्ताओं को 13 सूत्रीय कार्यक्रमों की जानकारी दी गई।
बैठक की अध्यक्षता भाजपा अजमतगढ़ मंडल अध्यक्ष मनोज कुमार श्रीवास्तव ने की। उन्होंने कहा कि पार्टी द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचकर सेवा, सहयोग और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने अभियान के 13 प्रमुख कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि इनमें ‘आशीर्वाद का दिया’, ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’, ‘नमो सेवा गाथा’, ‘आंगन का उत्सव’, ‘कहानी बदलाव की’, ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘बड़नगर से वाराणसी’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा हेतु अभियान सरकार आपके द्वार’, ‘रंगोली राष्ट्र’, ‘राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज’ एवं ‘जन सेवक महाकुंभ’ शामिल हैं।
विकास की नई राह पर बढ़ रहा प्रदेश : घनश्याम पटेल
मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश महामंत्री घनश्याम पटेल ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार विकास एवं रोजगार के क्षेत्र में लगातार नए आयाम स्थापित कर रही है। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में पहले सीमित सुविधाएं थीं, वहां आज मेडिकल कॉलेज, इंजीनियरिंग कॉलेज और फार्मेसी कॉलेज सहित अनेक संस्थानों का विस्तार हुआ है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में सड़क और परिवहन व्यवस्था को भी मजबूत किया जा रहा है तथा आने वाले समय में एक्सप्रेस-वे का नेटवर्क और विस्तृत होने जा रहा है। सरकार की प्राथमिकता आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और विकास को गांव-गांव तक पहुंचाना है।
सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास
भाजपा नेता सगड़ी मनीष कुमार मिश्र ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि डीबीटी के माध्यम से सीधे लाभार्थियों के खाते में सहायता पहुंचाकर बिचौलियों की भूमिका को समाप्त करने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए गए हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता भी सरकार और जनता के बीच सेतु की भूमिका निभा रहे हैं। ‘सेवा सेतु’ जैसे शिविरों के माध्यम से पात्र लोगों तक विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं ने अभियान को सफल बनाने के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का वास्तविक उद्देश्य केवल कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि जरूरतमंद व्यक्ति के चेहरे पर मुस्कान लाना और उसे सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना है।
इस अवसर पर पारितोष जायसवाल, फागू सोनकर, सूर्य प्रताप सिंह, रमेश गुप्ता, रमाशंकर पांडेय, शैलेश चौहान, शिवजीत चौहान, विनोद नायक, यशवंत सिंह प्रधान, विशाल ओझा, विशाल सिंह समेत बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं क्षेत्रीय लोग उपस्थित रहे।



