Azamgarh news :उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने आजमगढ़ में अधिकारियों से बाढ़ की स्थिति की किया समीक्षा अधिकारियों को राहत किट व आवश्यक सहायता पहुंचाने का दिया निर्देश
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने आजमगढ़ में अधिकारियों से बाढ़ की स्थिति की किया समीक्षा अधिकारियों को राहत किट व आवश्यक सहायता पहुंचाने का दिया निर्देश

शोक संतप्त परिवारों से मिलकर व्यक्त की संवेदना, दिवंगत आत्माओं को अर्पित की पुष्पांजलि
आजमगढ़ ब्यूरो चीफ राकेश श्रीवास्तव
उप मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश सरकार केशव प्रसाद मौर्य का आज जनपद आजमगढ़ भ्रमण कार्यक्रम के क्रम में रामदेव मेमोरियल स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रानीपुर रजमो, मोहम्मदपुर स्थित हेलीपैड पर आगमन हुआ। हेलीपैड पर जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने उप मुख्यमंत्री का शिष्टाचार स्वागत किया।
इस दौरान जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा उप मुख्यमंत्री को जनपद की वर्तमान स्थिति से अवगत कराया गया। विशेष रूप से जनपद के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों, राहत एवं बचाव कार्यों, प्रभावित परिवारों को उपलब्ध कराई जा रही सहायता तथा विकास एवं कानून-व्यवस्था से संबंधित विभिन्न आयामों की जानकारी दी गई।
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बाढ़ प्रभावित लोगों को शासन की मंशा के अनुरूप अतिशीघ्र राहत किट उपलब्ध कराने तथा प्रभावित परिवारों तक सभी आवश्यक सहायता पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आपदा की स्थिति में प्रभावित लोगों को किसी प्रकार की कठिनाई न हो तथा राहत एवं सहायता कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। संबंधित अधिकारी बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक व्यवस्थाओं की निरंतर निगरानी करते हुए पात्र प्रभावित परिवारों तक राहत सामग्री एवं शासन द्वारा अनुमन्य सहायता समयबद्ध ढंग से पहुंचाना सुनिश्चित करें।
दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित कर शोक संतप्त परिजनों से मिले
हेलीपैड से उप मुख्यमंत्री कार द्वारा पुलिस चौकी गंभीरपुर के समीप पहुंचे, जहां उन्होंने अवधेश कुमार मौर्य के पूज्य पिता स्वर्गीय राम समुझ मौर्य के निधन पर उनके आवास पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने दिवंगत पुण्यात्मा के स्मृति चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा शोक संतप्त परिजनों से भेंट कर उन्हें ढांढस बंधाया।
इसके पश्चात उप मुख्यमंत्री गोरखपुर क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय की पूजनीय माताजी के निधन पर उनके आवास पहुंचे। उन्होंने दिवंगत पुण्यात्मा के स्मृति चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
उप मुख्यमंत्री ने दोनों शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की तथा परिजनों को इस कठिन समय में धैर्य बनाए रखने की कामना की।
उप मुख्यमंत्री के जनपद भ्रमण के दौरान जिलाध्यक्ष ध्रुव कुमार सिंह, मुख्य विकास अधिकारी राकेश कुमार पटेल, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व गम्भीर सिंह, जिला विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह, परियोजना निदेशक सच्चिदानंद सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।



