आजमगढ़:भीषण बारिश के बीच अलर्ट मोड में एसडीएम अयान जैन, राहत-बचाव कार्यों पर खुद रख रहे नजर
Azamgarh: SDM Ayan Jain is on high alert amid heavy rains, personally monitoring relief and rescue operations.
आजमगढ़। जनपद आजमगढ़ में लगातार हो रही भीषण बारिश के बीच निजामाबाद तहसील प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। बारिश से उत्पन्न परिस्थितियों को देखते हुए निजामाबाद तहसील के एसडीएम(IPS)अयान जैन लगातार क्षेत्र में राहत एवं बचाव अभियान की निगरानी कर रहे हैं और जरूरतमंद लोगों तक प्रशासनिक सहायता पहुंचाने के लिए सक्रिय नजर आ रहे हैं।एसडीएम अयान जैन की सक्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वह बारिश के दौरान उत्पन्न होने वाली संभावित समस्याओं पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। जलभराव, पेड़ गिरने, विद्युत खंभों के प्रभावित होने अथवा किसी अन्य प्रकार की जनहानि की आशंका को लेकर प्रशासन को तत्काल सूचना उपलब्ध कराने की अपील की गई है।
हिंद एकता टाइम्स से बातचीत में एसडीएम अयान जैन ने आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि यदि बारिश के कारण किसी व्यक्ति को किसी प्रकार की हानि होती है अथवा कोई पेड़ या बिजली का खंभा प्रभावित होता है, तो इसकी सूचना तत्काल प्रशासन तक पहुंचाएं, ताकि संबंधित लोगों की समय रहते सहायता की जा सके।
एसडीएम की इस तत्परता और जनहित के प्रति सक्रियता की क्षेत्र में सराहना की जा रही है। विषम मौसम के बीच प्रशासनिक अधिकारियों का मौके पर सक्रिय रहना लोगों के बीच भरोसा कायम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।निजामाबाद तहसील प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की गई है कि वे भारी बारिश के दौरान अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रशासन को सूचना दें। प्रशासन का उद्देश्य है कि बारिश के कारण उत्पन्न किसी भी चुनौती का समय रहते सामना किया जाए और जरूरतमंद लोगों को शीघ्र राहत एवं सहायता उपलब्ध कराई जा सके।



