Jabalpur news:20 हजार की मांग के आरोप पर गोहलपुर थाने में अधिवक्ताओं का धरना
रसीद को लेकर विवाद, TI से नोकझोंक और FIR की मांग पर अड़े अधिवक्ता
जबलपुर के गोहलपुर क्षेत्र में वाहन हटाने के नाम पर 20 हजार रुपये की कथित मांग को लेकर विवाद गरमा गया। अधिवक्ताओं का आरोप है कि उनके साथी अधिवक्ता आशीष पटेल की गाड़ी मुख्य मार्ग के बाईपास पर तकनीकी खराबी अथवा डीजल खत्म होने के कारण बंद हो गई थी। मौके पर पहुंचे आरक्षक रंजीत कुमार यादव ने गाड़ी हटाने के नाम पर कथित तौर पर 20 हजार रुपये की मांग की। अधिवक्ताओं का कहना है कि उन्होंने 20 हजार रुपये का चालान जमा करने की बात कहते हुए रसीद मांगी, लेकिन रसीद देने से इनकार कर दिया गया और गाड़ी की चाबी लेकर उसे नो-एंट्री क्षेत्र से गोहलपुर थाने के बाहर खड़ा कर दिया गया। बाद में 5 हजार रुपये का चालान काटे जाने और विरोध करने पर कथित अभद्रता व गाली-गलौज के आरोप लगाए गए। मामले को लेकर अधिवक्ता गोहलपुर थाने के बाहर धरने पर बैठ गए और संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग करने लगे। धरने के बीच जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष मनीष मिश्रा भी मौके पर पहुंचे, जहां थाना प्रभारी रितेश पांडे से अधिवक्ताओं की हल्की-फुल्की नोकझोंक भी हुई। अधिवक्ताओं ने स्पष्ट किया कि जब तक मामले में एफआईआर दर्ज नहीं होती, उनका विरोध जारी रहेगा
जबलपुर से वाजीद खान की रिपोर्ट



