Jabalpur news:ऑनलाइन डिलीवरी के नाम पर डेढ़ लाख का गबन, दो डिलीवरी बॉय गिरफ्तार
Jabalpur News: Embezzlement of Rs 1.5 lakh in the name of online delivery, two delivery boys arrested
जबलपुर। घमापुर थाना क्षेत्र में ऑनलाइन शॉपिंग के सामान की डिलीवरी के नाम पर करीब डेढ़ लाख रुपये के गबन का मामला सामने आया है। डिलीवरी कंपनी ‘डिलीवर्ड’ में काम करने वाले दो कर्मचारियों ने कैश ऑन डिलीवरी (COD) के पैसे कंपनी में जमा करने के बजाय खुद रख लिए, वहीं ऑनलाइन भुगतान किए जा चुके कई ऑर्डर भी ग्राहकों तक पहुंचाने के बजाय अपने पास रख लिए। मामले की शिकायत पर घमापुर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की और आरोपी यश महतो एवं शरद चौहान को गिरफ्तार कर उनके घरों से करीब डेढ़ लाख रुपये का सामान बरामद किया। थाना प्रभारी प्रवीण कुमरे ने बताया कि कंपनी का कार्यालय शीतला माई के पास स्थित है, जहां से दोनों कर्मचारी ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म के ऑर्डर लेकर डिलीवरी का काम करते थे। आरोपी डिलीवरी दिखाकर कैश कंपनी में जमा नहीं करते थे और प्रीपेड ऑर्डर का सामान भी ग्राहकों को देने के बजाय अपने पास रख लेते थे। थाना प्रभारी घमापुर प्रवीण कुमार ने बताया पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी इससे पहले मिंत्रा सहित अन्य डिलीवरी स्पॉट पर भी इसी तरह की गड़बड़ी कर चुके थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।
बाइट प्रवीण कुमार थाना प्रभारी घमापुर
जबलपुर से वाजिद खान की रिपोर्ट



