जबलपूर:एक घंटे के भीतर दो जगहों पर निकले सांप, मचा हड़कंप
Jabalpur: Snakes found at two places within an hour, causing panic

एक घंटे के भीतर दो जगहों पर निकले सांप, मचा हड़कंप। गढ़ा थानांतर्गत नेताजी सुभाष चन्द्र बोस मेडिकल कॉलेज अस्पताल के ए.आर.टी. प्लस केंद्र मेडिसिन विभाग में सांयकाल 04 बजे काउंसलर के पद पर कार्यरत श्रीमती मंजू सिंह राजपूत कुर्सी पर बैठकर कुछ काम कर रही थी कि, अचानक उनके पैर में कुछ सरसराहट सी हुई तो उन्होंने देखा कि एक 06 फीट लंबा सांप उनके पैर से रेंगते हुए सीढी पर रखे कूलर की टंकी में छिप गया। उन्होंने तत्काल सर्प विशेषज्ञ गजेन्द्र दुबे को सूचना दी जिन्होंने मौके पर पहुंचकर रैस्क्यू करते हुए सांप को पकड़कर जंगल में छोड़ दिया। सांप को छोड़कर श्री दुबे घर लौट रहे थे कि सांयकाल 05 बजे त्रिपरी चौक गढ़ा निवासी श्रीमती वर्षा प्रजापति ने सूचना दी कि वे गमले और मटके बेचने का काम करतीं हैं और विगत तीन दिन से एक 08 फीट लंबा सांप गमले और मटकों के ढेर में छिपा है जिसके कारण उनका व्यापार प्रभावित हो रहा है। सूचना पर पहुंचे सर्प विशेषज्ञ गजेन्द्र दुबे ने रैस्क्यू करते हुए इस सांप को भी पकड़ लिया।दुबे के अनुसार पकड़े गए दोनों सर्प धामन प्रजाति के सर्प हैं, जो कि ज़हरीले नहीं होते हैं। गर्मी की उमस से बेचैन हो कर सर्प ऐसे स्थानों में प्रवेश कर अपने अनुकूल तापमान प्राप्त कर रहे हैं। सर्पों के पकड़े जाने पर सभी ने राहत की सांस ली।
जबलपुर से वाजीद खान की रिपोर्ट



