Azamgarh News:आजमगढ़ में दो अलग-अलग घटनाओं में फंदे से लटके मिले शव, मचा हड़कंप
आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
आजमगढ़ में दो अलग-अलग घटनाओं में फंदे से लटके मिले शव, मचा हड़कंप
निजामाबाद में जंगल के पेड़ से लटका मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, महाराजगंज में विवाहिता की मौत से परिवार में कोहराम
आजमगढ़ जनपद के निजामाबाद और महाराजगंज थाना क्षेत्रों में शुक्रवार को दो अलग-अलग घटनाओं में फंदे से लटके शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। निजामाबाद क्षेत्र में नदी किनारे जंगल में पेड़ से एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ, जबकि महाराजगंज के महेशपुर गांव में 25 वर्षीय विवाहिता का शव घर के कमरे में पंखे से लटका मिला। दोनों मामलों में पुलिस जांच-पड़ताल में जुटी है।
निजामाबाद थाना क्षेत्र के चंदा भारी गांव में नदी किनारे स्थित जंगल में शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने पेड़ से लटका एक व्यक्ति का शव देखा। शव की हालत खराब होने और चेहरा क्षतिग्रस्त होने के कारण उसकी पहचान नहीं हो सकी। मृतक ने हाफ शर्ट और हाफ पैंट पहन रखी थी। शव दिखाई देने की खबर फैलते ही ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पेड़ से उतरवाकर कब्जे में लिया और पहचान कराने का प्रयास किया। काफी प्रयास के बावजूद मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी, जिसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शव की स्थिति को देखते हुए घटना कई दिन पुरानी होने की आशंका जताई जा रही है।
उधर, महाराजगंज थाना क्षेत्र के महेशपुर गांव में 25 वर्षीय रिया मिश्रा पत्नी कृष्णकांत मिश्रा का शव घर के कमरे में पंखे से लटका मिलने से परिवार में चीख-पुकार मच गई। घटना की जानकारी होते ही परिजन बदहवास हो गए और पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। विवाहिता की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।



