आजमगढ़ में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, ‘वोट चोरी’ के खिलाफ उठी आवाज
लोकतंत्र बचाओ, वोट चोरी बंद करो’ के नारों से गूंजा आजमगढ़, कांग्रेस ने निकाला मार्च

आजमगढ़:वोट चोरी के आरोपों और चुनावी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को आजमगढ़ में जोरदार विरोध मार्च निकाला। कांग्रेस ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार की भूमिका पर सवाल उठाते हुए उनके इस्तीफे की मांग की। पार्टी के अनुसार, देशभर में इसी मुद्दे को लेकर विरोध-प्रदर्शन किए जा रहे हैं।विरोध मार्च का नेतृत्व जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष कौशल कुमार सिंह ‘मुन्ना राय’ ने किया। मार्च के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने “वोट चोरी बंद करो”, “लोकतंत्र बचाओ” और “ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो” जैसे नारे लगाए। कार्यकर्ताओं ने चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा की मांग की।इस अवसर पर जिलाध्यक्ष कौशल कुमार सिंह ‘मुन्ना राय’ ने कहा, “वोट जनता का अधिकार है और इस अधिकार के साथ किसी भी तरह की छेड़छाड़ लोकतंत्र पर सीधा हमला है। कांग्रेस इस मुद्दे पर चुप बैठने वाली नहीं है। जिन लोगों पर चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता को लेकर सवाल उठ रहे हैं, उन्हें जनता के सवालों का जवाब देना होगा।उन्होंने कहा कि आज देश का मतदाता अपने वोट की सुरक्षा को लेकर सवाल पूछ रहा है। यदि चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं तो उसकी जवाबदेही तय होनी चाहिए। उन्होंने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग दोहराते हुए कहा कि कांग्रेस वोट चोरी के खिलाफ अपनी लड़ाई को सड़क से लेकर लोकतांत्रिक मंचों तक मजबूती से जारी रखेगी।जिलाध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि यह केवल कांग्रेस का राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि मताधिकार और लोकतांत्रिक व्यवस्था से जुड़े सवालों पर आवाज उठाने का संघर्ष है। उन्होंने कहा कि जब तक जनता के वोट की सुरक्षा और चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता को लेकर उठ रहे सवालों का संतोषजनक समाधान नहीं होता, तब तक कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा।विरोध मार्च में रियाजुल हसन, राजाराम यादव, चंद्रपाल सिंह यादव, अंसार अहमद, राम गणेश प्रजापति, दिनेश यादव, गिरीश चतुर्वेदी, बेलाल बेग, शीला भारती, अजीत राय, सीमा भारती, रामअवध प्रेमी, अरविंद पांडेय, राजा-उर-रहमान, राकेश गुप्ता, रमेश राजभर, प्रमोद यादव, हरेंद्र सिंह, केदार मौर्य, प्रेमा चौहान, मंत्रराज यादव और प्रदीप यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।



