Azamgarh News:उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के आंदोलन का बिगुल, 24 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन धरने की चेतावनी
उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के आंदोलन का बिगुल, 24 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन धरने की चेतावनी
वेतन विसंगति, पदोन्नति और स्थानांतरण समेत कई मांगों को लेकर लेखपालों का चरणबद्ध आंदोलन, 17 अक्टूबर से तहसीलों पर होगा धरना-प्रदर्शन
अहरौला/बूढ़नपुर, आजमगढ़। उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ की बूढ़नपुर तहसील इकाई ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर चरणबद्ध आंदोलन का कार्यक्रम घोषित किया है। तहसील अध्यक्ष विक्रम सिंह के अनुसार, लेखपाल अपनी मांगों के समर्थन में अक्टूबर महीने में अलग-अलग तिथियों पर कार्य बहिष्कार, ज्ञापन, धरना-प्रदर्शन और अन्य कार्यक्रम आयोजित करेंगे। मांगें पूरी नहीं होने की स्थिति में 24 अक्टूबर 2026 से जिला मुख्यालयों पर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन करने की चेतावनी दी गई है।
उन्होंने अपनी प्रमुख मांगों में पिछले 10 वर्षों से लेखपालों के प्रारंभिक वेतनमान 2800 ग्रेड पे की मांग और वेतन विसंगति को दूर करने, पिछले आठ वर्षों से लंबित अंतरमंडलीय स्थानांतरण की व्यवस्था लागू करने तथा पिछले दो वर्षों से लंबित पदोन्नति सूची जारी करने की मांग उठाई है। इसके अलावा, पिछले 16 वर्षों से लेखपालों की लंबित वेतन वृद्धि से संबंधित मांग, परिपत्र जारी होने के बाद भी लेखपालों को पटेल सहायक/प्रभारी राजस्व निरीक्षक के कार्यों से मुक्त नहीं किए जाने और पिछले 10 वर्षों से लेखपालों को तकनीकी पद घोषित नहीं किए जाने का मुद्दा भी उठाया गया है।
उन्होंने ग्राम सचिवालयों में आधारभूत सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था और भत्ते की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा पदोन्नति के लिए लेखपालों का रोस्टर निर्धारित करने की मांग भी रखी है। वहीं, पिछले एक वर्ष से नवनियुक्त लेखपालों के परीक्षा परिणाम घोषित नहीं होने और स्थायीकरण की प्रक्रिया लंबित रहने का मुद्दा भी आंदोलन के प्रमुख कारणों में शामिल है।
चरणबद्ध आंदोलन का कार्यक्रम
संघ की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, 3 अक्टूबर 2026 को लेखपालों ने संपूर्ण समाधान दिवस का बहिष्कार करते हुए सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक धरना देने और दोपहर 2 बजे संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपने का कार्यक्रम निर्धारित किया था।
8 अक्टूबर 2026 को तहसील के प्रशासनिक व्हाट्सएप ग्रुप को छोड़ते हुए आय, जाति, निवास प्रमाणपत्र, वरासत रिपोर्ट, फार्मर रजिस्ट्रेशन और सत्यापन सहित सभी ऑनलाइन कार्यों के बहिष्कार का कार्यक्रम रखा गया था।
10 अक्टूबर 2026 को लेखपालों द्वारा काली पट्टी बांधकर थाना दिवस पर अहरौला थाने पर कार्य किया गया । इसके बाद 12 अक्टूबर को तहसील और जिला मुख्यालय पर रक्तदान शिविर आयोजित करने तथा 14 अक्टूबर को दोपहर एक बजे जिला मुख्यालय पर मोटरसाइकिल रैली निकालकर जिलाधिकारी को ज्ञापन देने की योजना बनाई गई है।
आंदोलन के अगले चरण में 17 अक्टूबर से 23 अक्टूबर 2026 तक सभी लेखपालों द्वारा तहसील मुख्यालयों पर सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
वहीं, मांगों का समाधान नहीं होने पर 24 अक्टूबर 2026 से अनिश्चितकालीन समय तक जिला मुख्यालयों पर सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक धरना-प्रदर्शन करने का कार्यक्रम घोषित किया गया है।
मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी
उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ की बूढ़नपुर तहसील इकाई के अध्यक्ष विक्रम सिंह ने स्पष्ट किया है कि आंदोलन के माध्यम से लेखपाल अपनी लंबित मांगों को शासन और प्रशासन तक पहुंचाना चाहते हैं।



