जौनपुर में जमीन विवाद में ताऊ की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या, पांच बेटियों के सिर से उठा पिता का साया

रानीमऊ गांव में अहाते के बंटवारे को लेकर हुआ विवाद, भतीजों पर हत्या का आरोप; सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

जौनपुर। जिले के रानीमऊ गांव में मंगलवार दोपहर जमीन के विवाद में लाठी-डंडों से पीटकर 56 वर्षीय मोहम्मद अकरम की हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि उनके भतीजों समेत दूसरे पक्ष के छह से अधिक लोगों ने उन पर हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल अकरम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। पांच बेटियों के सिर से पिता का साया उठने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पत्नी नरगिस की तहरीर पर पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है।

अहाते के बंटवारे को लेकर चल रहा था विवाद

जानकारी के अनुसार, मोहम्मद अकरम का अपने भाई वहाजुद्दीन के परिवार से लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। बताया जाता है कि दोनों पक्षों के बीच जमीन का बंटवारा पहले ही हो चुका था, लेकिन घर के एक अहाते को लेकर विवाद बना हुआ था। दूसरा पक्ष दोबारा बंटवारे की मांग कर रहा था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच तनाव चल रहा था।

कहासुनी के बाद लाठी-डंडों से हमला

मंगलवार दोपहर इसी विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोप है कि दूसरे पक्ष के छह से अधिक लोगों ने मोहम्मद अकरम पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमलावरों के ताबड़तोड़ प्रहार से वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। परिजन उन्हें इलाज के लिए ले जाने की तैयारी कर ही रहे थे कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

पत्नी की तहरीर पर सात लोगों के खिलाफ मुकदमा

घटना की सूचना मिलने पर खेतासराय थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। मृतक की पत्नी नरगिस की तहरीर के आधार पर सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।वहीं, थानाध्यक्ष प्रदीप सिंह ने बताया कि मोहम्मद अकरम बीमार भी थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही उनकी मौत के वास्तविक कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button