जबलपुर में फेड बैंक में गोल्ड लोन के नाम पर 31 लाख रुपये की धोखाधड़ी, एफआईआर के बाद भी आरोपी फरार
जबलपुर के फेड बैंक में 31 लाख की धोखाधड़ी का आरोप, एफआईआर के बाद भी गिरफ्तारी नहीं
जबलपुर के लार्डगंज थाना क्षेत्र में लेबर चौक के पास स्थित फेड बैंक में गोल्ड लोन और पैसों के लेनदेन के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। प्रार्थी सुनील गुप्ता के मुताबिक, इस मामले में करीब 22 लाख 45 हजार रुपये की धोखाधड़ी की गई है, जबकि पुलिस के अनुसार जांच में लगभग 31 लाख रुपये का फ्रॉड सामने आया है। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर एसपी कार्यालय में कई बार ज्ञापन भी सौंपे हैं। मामले में 13 अक्टूबर को शिकायत मिलने के बाद लार्डगंज थाना पुलिस ने जांच कर धोखाधड़ी का अपराध दर्ज किया है। पुलिस ने इस मामले में सुरेन्द्र सिंह पटेल, दिव्या चौरसिया, श्याम गुप्ता और निखिल विश्वकर्मा को आरोपी बनाया है। बताया जा रहा है कि बैंक के मैनेजर, असिस्टेंट मैनेजर दिव्या चौरसिया और अन्य कर्मचारियों के बैंक छोड़ने के बाद उनके मोबाइल फोन बंद हैं। इस मामले से जुड़ा पैसों के लेनदेन का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसने प्रकरण को और चर्चा में ला दिया है। हैरानी की बात यह है कि एफआईआर दर्ज होने के बाद भी अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। वहीं, सीएसपी कोतवाली अखिलेश गौर के अनुसार पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
जबलपुर से वाजीद खान की रिपोर्ट



