Jabalpur news:विक्टोरिया अस्पताल में सीएमएचओ का औचक निरीक्षण, सात डॉक्टर ड्यूटी से नदारद
Jabalpur News: CMHO conducts surprise inspection at Victoria Hospital, seven doctors absent from duty
जबलपुर। त्योहारों के सीजन में मरीजों की बढ़ती संख्या के बीच सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों की लापरवाही सामने आने लगी है। जबलपुर के विक्टोरिया अस्पताल का सीएमएचओ नवीन कोठारी ने निरीक्षण किया, जहां चाइल्ड ओपीडी और मेडिसिन ओपीडी में निर्धारित समय पर करीब सात डॉक्टर अनुपस्थित पाए गए। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में बड़ी संख्या में मरीज मौजूद थे, जिन्हें डॉक्टरों के समय पर नहीं मिलने से परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। मामले को गंभीरता से लेते हुए सीएमएचओ नवीन कोठारी ने सात डॉक्टरों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। उन्होंने बताया कि कलेक्टर के स्पष्ट निर्देश हैं कि त्योहारों के दौरान बच्चों और बड़ों में मौसमी व मेडिसिन संबंधी बीमारियों के बढ़ते मामलों को देखते हुए सभी डॉक्टर निर्धारित समय पर ओपीडी और वार्ड में उपस्थित रहकर मरीजों का इलाज सुनिश्चित करें। नोटिस का जवाब संबंधित डॉक्टरों की सर्विस बुक में दर्ज किया जाएगा और भविष्य में ऐसी लापरवाही दोहराने पर उनके खिलाफ और सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जबलपुर से वाजिद खान की रिपोर्ट



