Azamgarh News:31 अक्टूबर को आजमगढ़ में लगेगा परिवहन मेला, बकाया टैक्स पर मिलेगी पेनाल्टी में छूट

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय

आजमगढ़ वाहन स्वामियों को राहत देने के लिए 31 अक्टूबर को संभागीय परिवहन कार्यालय, आजमगढ़ में परिवहन मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले में बकाया वाहन टैक्स और पेनाल्टी में नियमानुसार छूट का लाभ मिलने के साथ पंजीकरण, फिटनेस और परमिट नवीनीकरण सहित विभिन्न परिवहन सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी।

संभागीय परिवहन अधिकारी के अनुसार, परिवहन आयुक्त, उत्तर प्रदेश के निर्देश पर आयोजित इस मेले में बकाया कर की वसूली, एकमुश्त टैक्स और अग्रिम कर जमा करने की सुविधा दी जाएगी। उत्तर प्रदेश मोटरयान कराधान नियमावली, 1998 के नियम 24 के तहत पात्र वाहन स्वामियों को पेनाल्टी में छूट का लाभ मिलेगा।

मेले में नए वाहनों का पंजीकरण, फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट नवीनीकरण तथा वाहन के आरसी में मोबाइल नंबर दर्ज कराने और संशोधित कराने की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। पुराने वाहन स्क्रैप कराने के बाद प्राप्त सर्टिफिकेट ऑफ डिपॉजिट के आधार पर नए वाहन के पंजीकरण में भी सहायता दी जाएगी।

वाहन स्वामियों की सुविधा के लिए अलग-अलग काउंटर बनाए जाएंगे। भुगतान नकद, यूपीआई, डेबिट-क्रेडिट कार्ड और नेट बैंकिंग से किया जा सकेगा। परिवहन विभाग ने जनपद के सभी वाहन स्वामियों और ट्रांसपोर्ट एसोसिएशनों से अपील की है कि वे 31 अक्टूबर को संभागीय परिवहन कार्यालय पहुंचकर मेले का लाभ उठाएं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button