जबलपुर:बरगी पुलिस और क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई, यात्री बस से 7 किलो गांजा बरामद
सिवनी से जबलपुर आ रही बस में गांजा तस्करी, 1.40 लाख का मादक पदार्थ जब्त; 23 वर्षीय युवक गिरफ्तार
जबलपुर। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बरगी पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए यात्री बस से गांजा तस्करी कर रहे 23 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 7 किलो 158 ग्राम गांजा बरामद किया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 40 हजार रुपये है। पुलिस के अनुसार, 31 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सिवनी से बरगी आ रही पवन बस क्रमांक MP50ZK1297 में एक युवक गांजा लेकर सफर कर रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने एनएच-34 स्थित सागर ढाबा के पास बस को रुकवाकर तलाशी ली, जिसमें संदिग्ध युवक दीपक वर्मन (23), निवासी प्रेम सागर झंडा चौक, हनुमानताल, जबलपुर के गहरे नीले रंग के बैग और प्लास्टिक की पन्नी में भूरे सेलो टेप से लिपटे चार पैकेट मिले। जांच करने पर पैकेटों में गांजा पाया गया। पुलिस ने मादक पदार्थ जब्त कर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश किया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। कार्रवाई में बरगी थाना प्रभारी निरीक्षक नीलेश दोहरे सहित थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
बाइट निलेश दोहरी थाना प्रभारी
जबलपुर से वाजिद खान की रिपोर्ट



