आजमगढ़:सनसनीखेज घटना: महिला के पेट में लगी गोली, गंभीर हालत में लखनऊ रेफर
आजमगढ़। जिले के फूलपुर बाजार में शनिवार की दोपहर करीब दो बजे संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। घायल महिला की पहचान रानू जायसवाल की पत्नी मुस्कान जायसवाल के रूप में हुई है। गोली महिला के पेट में लगी है।परिजनों द्वारा उन्हें तत्काल उपचार के लिए आजमगढ़ ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए लखनऊ स्थित वेदांता अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल अस्पताल में उनका उपचार जारी है।इस संबंध में सीओ फूलपुर भूपेश पांडेय ने बताया कि घटना शनिवार दोपहर करीब दो बजे की है। महिला के अनुसार, घर में बंदूक की सफाई की जा रही थी। इसी दौरान अचानक गोली चल गई, जो मुस्कान जायसवाल के पेट में जा लगी।घटना की सूचना महिला के मायके पक्ष की ओर से पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मामले की जांच में जुट गई। पुलिस महिला द्वारा बताए गए घटनाक्रम के साथ ही घटना के अन्य संभावित पहलुओं की भी जांच कर रही है, ताकि गोली लगने की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सके।



